ऑनलाइन ठगों के जाल से बचाने पुलिस ने संभाला मोर्चा! गुढ़ियारी से पंडरी और उरला-खमतराई तक साइबर जागृति अभियान, नागरिकों को 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

साइबर जागृति अभियान के तहत नॉर्थ जोन में व्यापक जन-जागरूकता अभियान जारी

विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ 40 से अधिक स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायपुर : साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत लगातार व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 16.09.2026 को नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में कुल 25 साइबर जागृति कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों से संवाद कर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं लिंक, OTP, UPI PIN, CVV तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया।

थाना पंडरी क्षेत्र में कुल 09 स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री आवास, टेकारी रोड, दलदल सिवनी, एकता चौक, दुबे कॉलोनी, मोवा बाजार, अंबुजा मॉल, LIC कॉलोनी, सतनामी पारा एवं आदर्श नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

थाना उरला क्षेत्र अंतर्गत SBT स्पइंटेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कर्मचारियों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।

थाना खमतराई क्षेत्र में भी विभिन्न स्थानों पर साइबर जागृति कार्यक्रम आयोजित किए गए। भनपुरी, खमतराई थाने के सामने एवं बिरगांव क्षेत्र में नागरिकों से संवाद कर साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। इस क्रम में कुल 05 कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से OTP, UPI PIN, CVV एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल एवं QR कोड से सावधान रहने तथा डिजिटल अरेस्ट एवं UPI फ्रॉड से बचने की समझाइश दी गई।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related posts