दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में हिंदी का उत्सव! राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आगाज, निबंध और टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता में 41 अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिखाया हुनर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ

रेलवे, मुख्यालय तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के कार्मिकों के लिए हिंदी निबंध लेखन तथा हिंदी टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता आयोजित

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मुख्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के लिए दिनांक 14 सितंबर से लेकर 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 मनाया जा रहा है । इस दौरान राजभाषा हिंदी में कामकाज को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के लिए रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर (कार्यालय) के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए विभिन्न प्रेरक प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं ।

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 14 सितंबर, 2026 को माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, श्री अमित शाह जी की अध्यक्षता में सिडको एक्जीबिशन सेंटर, नवी मुंबई में छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन एवं हिंदी दिवस समारोह का शुभारंभ किया गया । इस सम्मेलन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर (कार्यालय) की ओर से प्रतिनिधित्व किया गया ।

इसी कड़ी में दिनांक 16.09.2026 को रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर (कार्यालय) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड, बिलासपुर स्थित सभाकक्ष में हिंदी निबंध लेखन तथा हिंदी टिप्पण आलेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए “कार्यालयीन कार्य में हिंदी का प्रयोगः चुनौतियाँ और समाधान” तथा “जलवायु परिवर्तन और मानव जीवन पर प्रभाव” विषय रखे गये थे। हिंदी टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता हेतु निर्धारित प्रश्नपत्र के उत्तर प्रतिभागियों द्वारा दिये गये। इन प्रतियोगिताओं में रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के कुल 41 आधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया । इस अवसर पर राजभाषा विभाग, प्रधान कार्यालय, बिलासपुर द्वारा रेलवे के सभी विभागों तथा केंद्रीय कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा पखवाड़ा-2026 को सफल बनाने हेतु आयोजित प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में अधिकधिक संख्या में प्रतिभागिता सुनिश्चित करने की अपील की ।

Related posts