स्कूटी से गिरकर घायल हुई शिक्षिका की बिगड़ी हालत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय की एंबुलेंस बनी जीवनरक्षक, समय पर अस्पताल पहुंचने से बची जान.

कांसाबेल क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय द्वारा अपनी निधि से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को समय पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में इस एंबुलेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक शाला साजापानी में पदस्थ शिक्षिका प्रीति यादव स्कूल जाने के दौरान स्कूटी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल शिक्षिका की मदद की और उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षिका की स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। इस दौरान बीआरसी कार्यालय के लेखापाल सुखीराम साहू ने जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने तत्काल अपनी निधि से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस को भेजने की व्यवस्था की। एंबुलेंस के माध्यम से घायल शिक्षिका को तत्काल पत्थलगांव स्थित ए.जी. अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। समय पर अस्पताल पहुंचने से शिक्षिका को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकी और उनकी जान बचाने में मदद मिली।

घायल शिक्षिका को समय पर बेहतर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहयोग मिलने पर क्षेत्र के शिक्षकों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों का कहना है कि जरूरत के समय उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस सुविधा ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की है।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय द्वारा कांसाबेल क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस अब आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।

Related posts