राहुल गांधी जहां-जहां गए, वहां कांग्रेस को नुकसान ही हुआ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
दिल्ली छात्रसंघ चुनाव के नतीजों ने युवाओं का रुझान सामने रखा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज ओडिशा दौरे के पूर्व रायपुर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि श्री राहुल गांधी का पिछला रिकॉर्ड उठाकर देख लीजिए। वे जहां-जहां गए हैं, वहां कांग्रेस को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ है। देश की जनता लगातार कांग्रेस की राजनीति को देख और समझ रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव परिणाम भी हमारे सामने हैं। इन चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई एक भी केंद्रीय पद नहीं जीत सकी। ये चुनाव परिणाम अपने आप में बहुत कुछ कहते हैं।
उन्होंने कहा कि देश का युवा बहुत जागरूक है। वह केवल नारों या बातों के आधार पर अपना निर्णय नहीं करता, बल्कि यह देखता है कि देश को आगे कौन ले जा रहा है, उसके भविष्य और अवसरों के लिए कौन काम कर रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव परिणामों को भी इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का युवा विकास, राष्ट्रहित और अपने बेहतर भविष्य को लेकर सजग है। लोकतंत्र में जनता और विशेषकर युवाओं का मत ही सबसे महत्वपूर्ण होता है और उनके निर्णय का सभी को सम्मान करना चाहिए।
