अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में चोरी की कोशिश, रोकने पर सुरक्षा गार्ड के सिर पर लोहे के पाइप से हमला; सिटी कोतवाली ने 3 आरोपियों को दबोचा

अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में चोरी करने की नीयत से प्रवेश, गाली-गलौज एवं जानलेवा हमला करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार

सुरक्षा गार्ड पर लोहे के पाइप से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने वाले आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस द्वारा विधिवत जप्त

​बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध त्वरित व कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री रवान में घुसकर चोरी का प्रयास करने, मना करने पर सुरक्षा गार्ड से गाली-गलौज कर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला करने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 

​घटना एवं अपराध का विवरण:- प्रार्थी प्रशांत सिंह (उम्र 26 वर्ष, निवासी अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री रवान बैरक, जो अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री रवान में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत है, ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20.09.2026 को दोपहर लगभग 01:00 बजे AFR एरिया कंपनी के अंदर ड्यूटी के दौरान आरोपी राकेश दास मानिकपुरी उर्फ राका, योगेश यादव, भूपेन्द्र मांडले बाउंड्रीवॉल कूदकर अनाधिकृत रूप से कारखाने में प्रवेश कर चोरी का प्रयास कर रहे थे। ​प्रार्थी द्वारा रोकने पर आरोपियों ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी योगेश यादव ने लोहे के पाइप से प्रार्थी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने आए साथी सुरक्षाकर्मियों के हस्तक्षेप से प्रार्थी की जान बची। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्र. 795/2026 धारा 296, 351(2),109,61,329(3), 332(2),62,303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। 

​पुलिस कार्यवाही एवं आरोपियों की गिरफ्तारी:- मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम द्वारा तत्काल जांच-पड़ताल शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल 03 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप एवं प्रार्थी के खून से सने कपड़े विधिवत जप्त किए गए।  आरोपियों को आज दिनांक 22.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। प्रकरण विवेचना में है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. ​राकेश दास मानिकपुरी उर्फ राका पिता पुनीदास मानिकपुरी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम भद्रापाली, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार। 

2. ​योगेश यादव पिता नरसिंग यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम भद्रापाली, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार। 

3. ​भूपेन्द्र मांडले पिता स्व. चंदन मांडले, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खैराताल, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार। 

Related posts