जशपुर में 1 अक्टूबर को सजेगा ‘सियान आइडल’ का भव्य मंच, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का होगा सम्मान; स्वास्थ्य, अधिकार और कल्याण से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला स्तरीय जशपुर सियान आइडल फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर को

जशपुर : संचालक, समाज कल्याण छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया जाता है। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षण एवं सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी 01 अक्टूबर 2026 को जिला स्तर के साथ-साथ जिले के जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय मुख्यालय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस समारोह एवं जशपुर सियान आइडल फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन 01 अक्टूबर 2026 को न्यू कम्युनिटी हॉल, बालाजी मंदिर के सामने, जशपुर में किया जाएगा। समारोह में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, वित्तीय संरक्षण संबंधी कार्यशाला, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के संबंध में विशेषज्ञों का व्याख्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। जिले के जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों में भी संबंधित कार्यालयों एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related posts