जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त श्रीमती राखी अग्रवाल की अध्यक्षता में टैक्स बार एवं व्यापारी संघ की बैठक संपन्न
जशपुर : वाणिज्यिक कर (जीएसटी) विभाग, जशपुर द्वारा विभागीय कार्यालय में टैक्स बार एवं जिला व्यापारी संघ के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जीएसटी विभाग की संयुक्त आयुक्त श्रीमती राखी अग्रवाल ने की। इस दौरान सहायक आयुक्त नरेन्द्र गोस्वामी एवं उनकी टीम और आयकर सलाहकार उपस्थित रहे। बैठक में जीएसटी पंजीयन, रिटर्न दाखिल करने, इनपुट टैक्स क्रेडिट, ई-वे बिल तथा जीएसटी से संबंधित नवीन प्रावधानों एवं संशोधनों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संयुक्त आयुक्त श्रीमती राखी अग्रवाल ने टैक्स बार एवं व्यापारी संघ के सदस्यों को जीएसटी नियमों का सही तरीके से पालन करने, समय पर रिटर्न दाखिल करने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान हेतु विभाग से सीधे संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को सुविधा प्रदान करना एवं कर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाना है।
संयुक्त आयुक्त श्रीमती राखी अग्रवाल ने टैक्स बार एवं व्यापारी संघ से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। बैठक में उपस्थित टैक्स बार एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे एवं विभाग के साथ पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारीगण एवं टैक्स बार के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
