सरगुजा पुलिस एवं संयुक्त टीम द्वारा गौरव पथ मार्ग में अनाधिकृत एवं अव्यवस्थित रूप से खड़ी वाहनों पर की गई बड़ी कार्यवाही।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन में संयुक्त टीम द्वारा गौरव पथ से बसों एवं अन्य वाहनों को हटवाया, यातायात को कराया सुगम।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने एवं आम नागरिकों को जाम से मुक्ति दिलाने हेतु पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम का अभियान रहेगा निरंतर जारी।
अम्बिकापुर : डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा. पु. से.) के दिशा निर्देशन में सरगुजा पुलिस द्वारा नागरिकों को सुगम व सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी अभियान के तहत शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले अव्यवस्थित वाहन के विरुद्ध सख़्ती से कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 30/09/2026 को अम्बिकापुर बस स्टैंड के समीप गौरव पथ मार्ग पर कई बसें एवं अन्य वाहन अनाधिकृत रूप से सड़कों पर खड़ी होकर आवागमन को बाधित करने वाले वाहनों कों यातायात शाखा पुलिस टीम एवं संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्यवाही की गई । सरगुजा पुलिस, परिवहन विभाग तथा बस स्टैंड सहायता केंद्र की पुलिस टीम की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन कर गौरव पथ मार्ग का औचक निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर गौरव पथ में अव्यवस्थित एवं नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी की गई सभी बसों तथा अन्य चार पहिया वाहनों को तत्काल प्रभाव से हटवाया तथा मार्ग को आवागमन हेतु पूरी तरह से बहाल कराया। कार्यवाही के दौरान वाहन चालकों एवं बस मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई कि गौरव पथ एवं मुख्य मार्गों पर गाड़ियाँ खड़ी कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने पर भविष्य में वैधानिक व चालानी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सभी बस चालकों को बसों को केवल निर्धारित बस स्टैंड परिसर के भीतर ही खड़ा करने के सख्त निर्देश दिए गए।
संयुक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य (प्रभारी, यातायात शाखा), उप निरीक्षक (SI) ए.टी. द्विवेदी (परिवहन विभाग), बस स्टैंड सहायता केंद्र प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी सक्रिय रहे।
सरगुजा पुलिस द्वारा सभी वाहन चालकों, बस संचालको से अपील की गई है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सरगुजा पुलिस का सहयोग करें तथा अपने वाहनों को सदैव निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
