रात के अंधेरे में अब दूर से दिखेंगे आवारा पशु, यातायात पुलिस ने बांधी रेडियम पट्टी
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस एवं पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त पहल
मानव जीवन के साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा की दिशा में बढ़ाया कदम
नारायणपुर : सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस नारायणपुर एवं पशु चिकित्सा विभाग नारायणपुर द्वारा संयुक्त रूप से विशेष पहल की गई।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर घूमने एवं सड़क पर बैठे आवारा पशुओं के गले में रेडियम पट्टियां बांधी गईं। अभियान में रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. रेशमा ध्रुव, वेटरनरी असिस्टेंट सर्जन एवं असिस्टेंट वेटरनरी फील्ड ऑफिसर दुष्यंत ठाकुर उपस्थित रहे।
रात्रि के समय वाहन की हेडलाइट पड़ने पर रेडियम पट्टियां चमकेंगी, जिससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद पशु वाहन चालकों को दूर से ही दिखाई दे सकेंगे। इससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होकर आवश्यक सावधानी बरतने में मदद मिलेगी।
रात्रि के समय सड़क पर बैठे अथवा विचरण कर रहे पशुओं के कारण वाहन चालकों को कई बार उन्हें समय पर देख पाना मुश्किल होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रेडियम पट्टी लगाने की इस पहल से सड़क पर पशुओं की मौजूदगी की समय रहते पहचान हो सकेगी तथा रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।
इस पहल का उद्देश्य रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन चालकों को सतर्क करना तथा मानव जीवन एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यातायात पुलिस एवं पशु चिकित्सा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, विशेषकर रात्रि के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा सड़क पर पशु दिखाई देने पर वाहन की गति धीमी कर सुरक्षित रूप से आगे बढ़ें।
सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की नहीं, बल्कि हर नागरिक और हर जीव की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है।
