बैलेट पेपर से चुनाव हुआ, फिर भी कांग्रेस चारों खाने चित! अब अपनी हार का ठीकरा किस पर फोड़ेगी कांग्रेस? मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कसा तंज, बोले– हारते ही EVM को दोष देना बन गई है कांग्रेस की आदत

ईवीएम को दोष देने वाली कांग्रेस बैलेट पेपर से हुए विधान परिषद चुनाव में भी मिली हार के लिए किसे दोष देगी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

हारने पर ईवीएम पर दोष मढ़ना कांग्रेस की आदत बन गई है : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की कांग्रेस की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हाल ही में विधान परिषद के चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे, लेकिन उसमें भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस हार गई, तो अब वह अपनी हार के लिए किसे जिम्मेदार ठहराएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार का ठीकरा बार-बार ईवीएम पर फोड़ती है। जब चुनाव हारती है तो ईवीएम पर सवाल उठाती है, लेकिन जब जीतती है तो उसे ईवीएम में कोई खामी नजर नहीं आती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को चुनावी पराजय के लिए मतदान प्रणाली पर दोष मढ़ने के बजाय अपनी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

हर अच्छे काम का विरोध करना कांग्रेस की नियति बन गई है : परिसीमन पर बोले मुख्यमंत्री श्री साय

श्री साय ने परिसीमन को लेकर कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि परिसीमन से लोकसभा और विधानसभा की सीटों में वृद्धि होगी तथा अधिक से अधिक लोगों को जनप्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा तथा देश को लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि परिसीमन एक सकारात्मक पहल है, जिससे जनप्रतिनिधित्व का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि देशहित में होने वाले अच्छे कार्यों का विरोध करना कांग्रेस की नियति बन गई है। कांग्रेस द्वारा परिसीमन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कोई सत्यता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को केवल विरोध के लिए विरोध करने के बजाय लोकतंत्र को मजबूत बनाने और देशहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

Related posts