ग्राम दामाखेड़ा में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान शिविर’ में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने निभाई प्रमुख भूमिका
ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी के तौर-तरीकों व डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन हेतु दी गई महत्वपूर्ण जानकारी; पुलिस विभाग द्वारा किया गया हेलमेट वितरण
हेलमेट पहनकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने की गई अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन, में जिले में आमजनों को अपराधों के प्रति जागरूक करने एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 07.10.2026 को ग्राम दामाखेड़ा में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान शिविर’ के अवसर पर थाना सिमगा पुलिस टीम द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रमुख बिंदु एवं दी गई जानकारियां:
1. साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी जागरूकता:- शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं आमजनों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों (जैसे- फर्जी कॉल, एपीके फाइल, ओटीपी शेयरिंग, डिजिटल अरेस्ट एवं सोशल मीडिया फ्रॉड) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम द्वारा साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करने की सलाह दी गई।
2. यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा:- सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, तीन सवारी न बैठाने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने तथा शराब का सेवन कर वाहन न चलाने के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई।
3. सुरक्षा हेतु हेलमेट वितरण:- सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस विभाग द्वारा शिविर में उपस्थित वाहन चालकों एवं ग्रामीणों को मुफ्त हेलमेट का वितरण किया गया। थाना सिमगा पुलिस टीम ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि “हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की इस जन-हितैषी पहल की सराहना की और यातायात नियमों का पालन करने तथा साइबर ठगी से सतर्क रहने का संकल्प लिया।
