जंगल से निकल कुनकुरी शहर में घुसा दंतैल, अस्पताल-कॉलेज परिसर तक पहुंचा गजराज! कई मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त, वन विभाग अलर्ट—नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

कई मकानों की दीवारें तोड़ीं, बंदरा खसरा नाला के पास वन विभाग की नर्सरी में रुका हाथी; वन विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की

कुनकुरी : कुनकुरी नगर में एक नर दंतैल हाथी के प्रवेश से हड़कंप मच गया है। लोटापानी जंगल से नवाटोली होते हुए नगर में दाखिल हुआ हाथी हॉलीक्रॉस अस्पताल परिसर में घुसा। इसके बाद वह कुछ मकानों की दीवारें तोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर लोयोला कॉलेज परिसर पहुंच गया। नगर के तीन से चार स्थानों पर दीवारें तोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल हाथी बंदरा खसरा नाला के समीप वन विभाग की नर्सरी में रुका हुआ है, जहां वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर निगरानी रख रही है।

सुबह 6 बजे मिली हाथी के प्रवेश की सूचना

नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने बताया कि सुबह लगभग 6 बजे हाथी के हॉलीक्रॉस अस्पताल परिसर में घुसने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। नगर के रिहायशी इलाकों में हाथी की आवाजाही और मकानों की दीवारें टूटने की घटनाओं को लेकर उन्होंने चिंता जताई। साथ ही नागरिकों से सतर्क रहने और हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की।

वन विभाग की निगरानी, लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील

रेंजर सुरेन्द्र होता ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से हाथी के नजदीक नहीं जाने, उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। हाथी के आसपास भीड़ जुटाना या तस्वीर और वीडियो बनाने के लिए उसके करीब जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बच्चों को हाथी की आवाजाही वाले क्षेत्रों से दूर रखें और हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। नागरिकों से अफवाहों से बचने तथा विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।

Related posts