जशपुर के जंगलों में हाथियों की मौजूदगी से अलर्ट हुआ वन विभाग, गांवों में मुनादी और ड्रोन से निगरानी! ग्रामीणों को सख्त चेतावनी—न हाथियों के पास जाएं, न फोटो-वीडियो बनाने की करें कोशिश

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनसुरक्षा को लेकर वन विभाग सक्रिय, ग्रामीणों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील

जशपुर : जशपुर वनमंडल द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर सतर्कता और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वनमंडलाधिकारी जशपुर द्वारा जानकारी दी गई कि 12 अक्टूबर को तपकरा परिक्षेत्र के सागजोर बीट में हाथियों की उपस्थिति की सूचना मिलते ही वन अमले ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल में प्रवेश नहीं करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।

वन विभाग द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखने के लिए ड्रोन की सहायता से निगरानी की जा रही है और मैदानी अमले को अलर्ट पर रखा गया है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की सूचना मिलने पर स्वयं हाथी को भगाने, घेरने या उसके निकट जाकर फोटो वीडियो बनाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और नशे की स्थिति में जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की गई है।

वनमंडल ने कहा है कि ग्रामीणों का सहयोग, समय पर सूचना और सुरक्षा निर्देशों का पालन ही मानव-हाथी सह-अस्तित्व को सुरक्षित बनाए रखने में सबसे महत्वपूर्ण है और विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और सक्रिय है।

Related posts