त्यौहारी सीजन में संदिग्धों एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सेंट्रल जोन पुलिस का सतत साप्ताहिक अभियान, 85 वारंटियों समेत लगभग 180 व्यक्ति गिरफ्तार
साप्ताहिक अभियान में वारंटियों और संदिग्धों पर कार्यवाही, 126 प्रकरणों में 170 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर : नवरात्रि एवं त्यौहारी सीजन के दौरान गरबा, डांडिया सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में देर रात तक बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के समय से जारी तैयारियों एवं विशेष अभियानों के क्रम में पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, वारंटों की तामीली तथा शांति भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
त्यौहारी आयोजनों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोकने के उद्देश्य से थाना स्तर पर सतर्कता बढ़ाई गई है। देर रात तक चलने वाले आयोजनों एवं उनसे जुड़े आवागमन के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आम नागरिक निर्भीक होकर उत्सवों में भाग ले सकें और शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
फरार वारंटियों की धरपकड़ पर विशेष फोकस
साप्ताहिक अभियान के दौरान सेंट्रल जोन के सात थानों में कुल 44 स्थाई वारंट एवं 41 गिरफ्तारी वारंट, अर्थात कुल 85 वारंटों के संबंध में कार्रवाई की गई। वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें विशेष रूप से गंभीर एवं हिंसक अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों, लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों तथा आमजन की सुरक्षा के लिए संभावित खतरा उत्पन्न करने वाले आपराधिक तत्वों पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जा रहा है।
थाना सिटी कोतवाली में 10 स्थाई एवं 12 गिरफ्तारी वारंट, थाना गोलबाजार में 02 स्थाई एवं 03 गिरफ्तारी वारंट, थाना मौदहापारा में 06 स्थाई एवं 02 गिरफ्तारी वारंट तथा थाना गंज में 12 स्थाई एवं 08 गिरफ्तारी वारंटों के संबंध में कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में थाना सिविल लाइन में 06 स्थाई एवं 04 गिरफ्तारी वारंट, थाना तेलीबांधा में 06 स्थाई एवं 10 गिरफ्तारी वारंट तथा थाना देवेंद्र नगर में 02 स्थाई एवं 02 गिरफ्तारी वारंटों के संबंध में कार्रवाई की गई। वारंटों के निष्पादन के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सेंट्रल जोन पुलिस द्वारा गत सप्ताह प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के अंतर्गत भी व्यापक कार्रवाई की गई। धारा 170 BNSS के अंतर्गत 58 प्रकरणों में 76 व्यक्तियों तथा धारा 126/135(3) BNSS के अंतर्गत 68 प्रकरणों में 94 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस प्रकार दोनों श्रेणियों को मिलाकर 126 प्रकरणों में कुल 170 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित विवादों एवं शांति भंग की परिस्थितियों को समय रहते नियंत्रित करना तथा त्यौहारी आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकना है।
अभियान के दौरान थाना गोलबाजार में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत 01 प्रकरण में 01 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के अंतर्गत थाना सिविल लाइन में 03 प्रकरण दर्ज किए गए। NDPS एक्ट के अंतर्गत थाना देवेंद्र नगर, गंज एवं गोलबाजार में 01-01 प्रकरण दर्ज किया गया। इस प्रकार NDPS एक्ट के अंतर्गत कुल 03 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य लघु अधिनियमों के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई।
सेंट्रल जोन पुलिस द्वारा त्यौहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, फरार वारंटियों की धरपकड़ तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर पुलिस की अपील:
नागरिक गरबा, डांडिया एवं अन्य त्यौहारी आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस आमजन की सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
