यातायात पुलिस कमिश्नरेट की सुगम यातायात व्यवस्थाकी नई पहल
पचपेड़ी नाका एवं एमएमआई अंडरब्रिज के नीचे से हटाया गया अतिक्रमण, बस संचालकों की समस्या का हुआ त्वरित समाधान
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर को आयोजित बैठक के निर्णयों पर अमल
यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने की त्वरित व प्रभावी कार्रवाई
रायपुर : शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक परिवहन के निर्बाध संचालन के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा पचपेड़ी नाका ब्रिज एवं एमएमआई अंडरब्रिज के आसपास विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि 14 अक्टूबर 2026 को डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में बस ट्रांसपोर्टर्स, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), नगर निगम तथा यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की एक संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में बस संचालकों ने प्रमुखता से यह विषय रखा था कि पचपेड़ी नाका व एमएमआई ब्रिज के नीचे यात्रियों के चढ़ने-उतरने (पिक एंड ड्रॉप) हेतु निर्धारित स्थलों पर फल-ठेला व्यवसायियों द्वारा अनधिकृत कब्जा कर लिया गया है। इस कारण बसें मुख्य मार्ग पर ही रुकने को विवश होती हैं, जिससे न केवल गंभीर जाम की स्थिति निर्मित होती है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बढ़ जाता है।
बस ऑपरेटरों की इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए बैठक में इन दोनों प्रमुख स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर बसों का व्यवस्थित ठहराव सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया था।उसी निर्णय के परिपालन में आज यातायात पुलिस एवं नगर निगम के उड़नदस्ते द्वारा संयुक्त रूप से पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज के नीचे तथा एमएमआई अंडरब्रिज क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई करते हुए सभी प्रकार के अवैध कब्जों व ठेलों को हटाया गया। इस कार्रवाई से बसों के लिए निर्धारित ‘स्टॉपेज बे’ पूरी तरह क्लीयर हो गया है, जिससे अब यात्री सुरक्षित ढंग से आवागमन कर सकेंगे और मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख चौराहों, ओवरब्रिजों के नीचे तथा बस स्टॉपेज जैसे संवेदनशील स्थलों पर अनधिकृत कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नगर निगम के समन्वय से यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील:
समस्त फल/सब्जी व्यवसायियों एवं फुटकर व्यापारियों से विनम्र अपील है कि वे बस स्टॉपेज, चौराहों तथा सार्वजनिक मार्गों पर ठेला या दुकान लगाकर मार्ग अवरुद्ध न करें। प्रशासन द्वारा चिन्हित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग दें।
