नारायणपुर में मोटरसाइकिल से हो रहा था अवैध शराब का परिवहन, ओरछा पुलिस ने 102 पौवा देशी मदिरा के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, मोटरसाइकिल समेत 16,360 रुपये की सामग्री जब्त.

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी छोटेडोंगर श्री मनोज मांडवी एवं थाना प्रभारी ओरछा श्री राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में थाना ओरछा पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 102 पौवा देशी मदिरा तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

दिनांक 16.10.2026 को थाना ओरछा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG-19-BQ-2811 में अवैध रूप से देशी मदिरा रखकर परिवहन कर रहे हैं तथा उसे बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना ओरछा पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए ओरछा से नारायणपुर जाने वाले मार्ग पर ग्राम बड़गुमर के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान मोटरसाइकिल में रखे दो पिट्ठू बैग से देशी मदिरा बरामद हुई। पहले बैग से 180 एमएल की 60 नग देशी मदिरा की बोतलें, कुल 10.800 बल्क लीटर तथा दूसरे बैग से 180 एमएल की 42 नग देशी मदिरा की बोतलें, कुल 7.560 बल्क लीटर बरामद की गईं। इस प्रकार दोनों बैग से कुल 102 नग पौवा, 18.360 बल्क लीटर देशी मदिरा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹8,160 है, जब्त की गई।

1. जुरियाराम कावड़े, पिता स्वर्गीय बोटीराम कावड़े, उम्र 28 वर्ष, निवासी टाहकाकावाड़ा, वर्तमान निवास ओरछा मांझीपारा, जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़)।

2. सुमन ध्रुव, पिता स्वर्गीय वाड़गे उम्र 30 वर्ष, निवासी इंदिरा आवासपारा, ओरछा, जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़)।

मौके पर अवैध देशी मदिरा एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-19-BQ-2811 को विधिवत जब्त किया गया। जब्त मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत ₹8,200 बताई गई है। इस प्रकार जब्त शराब एवं मोटरसाइकिल की कुल अनुमानित कीमत ₹16,360 है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 09/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को दिनांक 16.10.2026 को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के पश्चात माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री जैसी गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नारायणपुर पुलिस प्रतिबद्ध है।

Related posts