गिरदावरी कर रहे युवक से पहले मांगे रुपए, इनकार करते ही तलवार लेकर दौड़ा आरोपी! फिर जो हुआ, उससे मचा हड़कंप; बगीचा पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 बालकों को अभिरक्षा में लिया

बगीचा के महादेवडांड़ में तलवार दिखाकर गिरदावरी का काम कर रहे युवक से की गई रुपए की मांग, नहीं देने पर मोटरसाइकिल लूटी

डरा-धमकाकर जान से मारने की धमकी देने वाले 03 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 04 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया

आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार एवं लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद

थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 275/2026, धारा 310(2) बीएनएस एवं 25,27आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध

जशपुर : दिनांक 16.10.2026 को प्रार्थी संतोष कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी पकरीकछार, थाना बगीचा, जिला जशपुर ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह विगत दो वर्षों से बासेन एवं महादेवडांड़ क्षेत्र में खेत-जमीन की गिरदावरी का कार्य कर रहा है।

दिनांक 15.10.2026 को दोपहर करीब 03:00 बजे प्रार्थी ग्राम महादेवडांड़ के कुरोंग पंचायत अंतर्गत किसानपारा स्थित सीसी रोड के पास खेत में गिरदावरी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान डोन तिर्की अपने साथी अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया के साथ वहां पहुंचा। डोन तिर्की अपने हाथ में तलवार रखा हुआ था। दोनों ने प्रार्थी से पूछा कि वह उनके गांव में क्या करने आया है तथा गाली-गलौज करते हुए उसे डराने-धमकाने लगे।

इसके बाद डोन तिर्की ने तलवार दिखाकर प्रार्थी से रुपए-पैसों की मांग की। प्रार्थी द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर दोनों के पांच अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर उससे रुपए की मांग की। पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने प्रार्थी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 E 2606 लूट ली तथा घटना की रिपोर्ट पुलिस में करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान डोन तिर्की तलवार लेकर प्रार्थी को मारने के लिए दौड़ाया, जिससे प्रार्थी अपनी जान बचाकर वहां से भागा। बाद में उसने घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को दी।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 275/2026, धारा 310(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहियों की पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान डोन तिर्की एवं अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर अन्य साथियों आयुष कुजूर तथा 04 विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस द्वारा सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थी से पहचान की कार्यवाही कराई गई। प्रार्थी के द्वारा सभी आरोपियों को पहचान लिया गया। पुलिस के द्वारा आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार तथा लूटी गई मोटरसाइकिल को जप्त किया गया है।

आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने डोन तिर्की, अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया एवं आयुष कुजूर को विधिवत गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, विधि से संघर्षरत चार बालकों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में पी एस आई संतोष वर्मा सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक अशोक मिंज, महिला आरक्षक पूना मणि व नगर सैनिक बलि राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

नाम आरोपी:-

1. डोन तिर्की, उम्र 19 वर्ष।

2. अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया, उम्र 19 वर्ष।

3. आयुष कुजूर, उम्र 18 वर्ष 11 माह।

4.15 से 17 वर्षीय चार विधि से संघर्षरत बालक

Related posts