माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आत्मीय स्वागत
राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित उप मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं राष्ट्रपति
जगदलपुर : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के बस्तर आगमन पर जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट में उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। राष्ट्रपति के आगमन पर राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष श्री महेश कश्यप, सांसद कांकेर श्री भोजराज नाग, महापौर श्री संजय पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंचीं। राष्ट्रपति का यह प्रवास बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के लिए विशेष महत्व रखता है।
उल्लेखनीय है कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशिष्टता के कारण देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। मुरिया दरबार इस महोत्सव की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो ऐतिहासिक रूप से जनसंवाद और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक रहा है। राष्ट्रपति की इस आयोजन में सहभागिता से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और गौरव प्राप्त हुआ है।
