जशपुर में 2026 के लिए 3 स्थानीय अवकाश घोषित, रथयात्रा से करम परब और गोवर्धन पूजा तक इन तारीखों पर रहेगा अवकाश; लेकिन बैंक और ट्रेजरी में जारी रहेगा कामकाज!

जशपुर में वर्ष 2026 के लिए तीन स्थानीय अवकाश घोषित: रथयात्रा, करम परब और गोवर्धन पूजा पर रहेगा अवकाश

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने वर्ष 2026 के लिए जिले में तीन महत्वपूर्ण पर्वों पर स्थानीय अवकाश की घोषणा करते हुए आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश सामान्य पुस्तक परिपत्र (भाग-2) के अनुक्रमांक 04 के नियम 08 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, पहला स्थानीय अवकाश 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को रथयात्रा के पावन अवसर पर रहेगा। इसके बाद, क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय एवं लोक संस्कृति के प्रमुख पर्व कुवॉर पूर्णिमा ‘करम परब’ के उपलक्ष्य में 26 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को दूसरा स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, तीसरा स्थानीय अवकाश दीपावली के दूसरे दिन यानी गोवर्धन पूजा के अवसर पर 09 नवंबर 2026 (सोमवार) को रहेगा।

कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि घोषित किए गए ये तीनों स्थानीय अवकाश बैंक एवं कोषालय (ट्रेजरी) पर लागू नहीं होंगे, अर्थात वित्तीय संस्थानों में कामकाज सामान्य दिनों की भांति जारी रहेगा। इस संबंध में शासन के संबंधित विभागों, न्यायिक अधिकारियों, संभाग आयुक्त और जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को आवश्यक सूचना प्रेषित कर दी गई है।

Related posts