ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा! पुलिस ने बौद्ध जिले में दबिश देकर अंतरराज्यीय सप्लायर आकाश करना को पकड़ा, अब तक ₹3.96 लाख का माल जब्त

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा कर ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय सप्लायर को किया गया गिरफ्तार

पूर्व में पकड़े गए आरोपियों की चेन-लिंकिंग (End-to-End Investigation) के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा के बौद्ध जिले तक पहुंचकर दबोचा शातिर तस्कर को

प्रकरण में अब तक कुल 15 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा, स्विफ्ट कार, नगदी रकम एवं अन्य सामग्री सहित कुल ₹3,96,100/- मूल्य का मशरूका जप्त

एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं (धारा 20(B), 29 NDPS Act) के तहत आरोपी के विरुद्ध की जा रही है कार्यवाही

बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री तथा तस्करों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर ‘एंड टू एंड’ (End-to-End) विवेचना करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों की जड़ तक पहुँचने में सफलता मिली है। 

​प्रकरण की पृष्ठभूमि एवं पूर्व कार्रवाई:- ​दिनांक 17.10.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खोरसीनाला पनगांव में कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश कुरें के कब्जे एवं उसकी स्विफ्ट कार (क्र. CG 22 AC 0325) की डिग्गी व घर के किचन के छज्जे से कुल 15 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, बिक्री रकम ₹91,100/- तथा प्लास्टिक रैपर जप्त किया था। पूछताछ में आरोपी आकाश कुरें द्वारा गनियारी/भानपुर निवासी भूषन कुमार यादव से गांजा लेना बताया था, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरौदपुरी क्षेत्र से सप्लायर भूषन कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया था। 

​अंतरराज्यीय सप्लायर की गिरफ्तारी एवं कड़ियों का खुलासा:- ​मामले में गहराई से अनुसंधान और ‘एंड टू एंड’ विवेचना जारी रखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मुख्य स्त्रोत और अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगाला। पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त अवैध मादक पदार्थ की खेप पड़ोसी राज्य ओडिशा से सप्लाई की जाती है। ​इस पर थाना सिटी कोतवाली की विशेष पुलिस टीम ने त्वरित सुरागसाजी करते हुए ओडिशा राज्य के जिला बौद्ध तक दबिश दी। पुलिस टीम ने निरंतर पतासाजी कर ओडिशा से गांजा डिलीवरी करने वाले मुख्य अंतरराज्यीय आरोपी आकाश करना को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी द्वारा पूछताछ में ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करना स्वीकार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त सबूत पाए जाने पर दिनांक 23.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्र. 870/2026, धारा 20(B),29 NDPS Act के तहत अग्रिम अनुसंधान करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने प्रक्रिया की जा रही है। 

​गिरफ्तार अंतरराज्यीय आरोपी:- ​आकाश करना पिता सहदेव करना, उम्र 28 वर्ष, निवासी खलिमामुंडा, पोस्ट आ. गुडमेली पद, थाना माममुंडा, जिला बौद्ध, राज्य – ओडिशा

Related posts