स्वर्ण मंदिर और मां वैष्णोदेवी के दर्शन का सुनहरा अवसर! मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जशपुर के 37 यात्रियों का होगा चयन, क्या आप भी हैं पात्र? जानिए आवेदन की जरूरी शर्तें।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत: जिले के 37 यात्री अमृतसर, स्वर्ण मंदिर और वैष्णोदेवी के करेगें दर्शन

जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत जिला जशपुर के लिए माह नवम्बर 2026 की तीर्थ यात्रा का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत जशपुर जिले के 37 यात्रियों को तीर्थ यात्रा पर ले जाया जाएगा। तीर्थ यात्रा का स्थान अमृतसर, स्वर्ण मंदिर, वैष्णो माता मंदिर एवं वाघा बॉर्डर निर्धारित किया गया है। यात्रा की अवधि 10 नवम्बर 2026 से 15 नवम्बर 2026 तक रहेगी।

यात्रा हेतु इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र की छायाप्रति एवं मेडिकल प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

इस योजना में वरिष्ठ नागरिक, विधवा एवं परित्यक्त महिलाएं जो छत्तीसगढ़ की निवासी हैं, आवेदन कर सकती हैं। चयन में ग्रामीण क्षेत्र के 75 प्रतिशत एवं नगरीय क्षेत्र के 25 प्रतिशत यात्रियों को शामिल किया जाएगा। इसमें बीपीएल के 80 प्रतिशत एवं एपीएल के 20 प्रतिशत हितग्राही होंगे। एपीएल हितग्राही आयकर दाता की श्रेणी में नहीं होना चाहिए। हितग्राही ने पूर्व में इस योजना का लाभ नहीं लिया हो तथा वह शासकीय सेवक न हो एवं गंभीर संक्रामक रोग से ग्रसित न हो। 65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति जो अकेले यात्रा करने में असमर्थ हैं, वे अपने साथ 21 से 50 वर्ष आयु के एक सहायक को ले जा सकते हैं। यदि पति-पत्नी में से किसी एक का चयन होता है तो उसका जीवन साथी भी यात्रा पर जा सकेगा।

Related posts