सेवा सेतु पोर्टल से महज एक दिन में मिला आय प्रमाण पत्र, त्वरित सेवा से खुश होकर हितग्राही ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
बिलासपुर : शासन द्वारा आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इस डिजिटल व्यवस्था से अब लोगों को छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से घर बैठे ही आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना आसान हो गया है।
इसी कड़ी में जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम करगीखुर्द निवासी राजेंद्र कुमार थवाईत ने अपने पुत्र के आय प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया था। आवेदन करने के महज एक दिन के भीतर ही उन्हें आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। इतनी कम समयावधि में प्रमाण पत्र मिलने से राजेंद्र कुमार थवाईत काफी प्रसन्न हैं।
उन्होंने बताया कि पहले इस तरह के शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे और काफी समय भी लगता था, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से यह प्रक्रिया बेहद आसान और सुविधाजनक हो गई है। निर्धारित समय से पहले प्रमाण पत्र मिलने से उनका समय और मेहनत दोनों बची। उन्होंने इस त्वरित एवं पारदर्शी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल सुविधाओं से आम नागरिकों को काफी राहत मिल रही है।
राजेंद्र कुमार थवाईत ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
