डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर में दीपावली के दौरान चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विशेष अलर्ट, आपातकालीन विभाग समेत सभी विभागों को सतर्क रहने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में अधीक्षक ने जारी किए निर्देश.
रायपुर : दीपावली के उल्लास के बीच किसी भी आपातकालीन स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल ने अपनी चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। त्योहार के दौरान मरीजों को उपचार के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टरों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जीवनरक्षक दवाओं और इंजेक्शनों की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया गया है। हालांकि, दो दिन ओपीडी बंद रहेगी, लेकिन 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
दीपावली त्योहार के दौरान मरीजों को निर्बाध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए, डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर (मेकाहारा) के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आपातकालीन विभाग के साथ ही सभी विभागों को त्योहार के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिये हैं। साथ ही आवश्यक दवाओं, इंजेक्शनों और अन्य जीवन रक्षक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि दीपावली के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को तत्काल उपचार सुविधा मिल सके।
डॉ. सोनकर ने चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टॉफ को आपातकालीन चिकित्सा हेतु सतर्क रहने और आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को तुरंत उपचार प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।
सार्वजनिक अवकाश के कारण दो दिन बंद रहेगी ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी –
विदित हो कि दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में 8 नवम्बर (रविवार) एवं 9 नवम्बर (गोवर्धन पूजा) को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं 24 घंटे यथावत संचालित रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि 7 नवम्बर (शनिवार), छोटी दीपावली (नरक चतुर्दशी) को भी ओपीडी सेवाएं नियमित रूप से संचालित रहेंगी। वहीं 10 नवम्बर (मंगलवार) से ओपीडी का नियमित संचालन पुनः प्रारंभ हो जाएगा।
