हथियारबाजों का आतंक! चार अलग-अलग इलाकों में चापड़, गंडासा और फरसा लहराकर राहगीरों को दे रहे थे धमकी, पुलिस की दबिश में चार आरोपी गिरफ्तार

सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर आम नागरिकों को भयभीत करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार, अलग-अलग स्थानों से चापड़, गंडासा एवं फरसा नुमा धारदार हथियार बरामद, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

थाना सुपेला क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को मौके से पकड़ा।

आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का चापड़, दो लोहे के गंडासा तथा एक फरसा नुमा धारदार हथियार बरामद किया गया।

चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1674/2026, 1675/2026, 1676/2026 एवं 1777/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

दुर्ग : थाना सुपेला क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर राहगीरों को भयभीत करने की चार अलग-अलग घटनाओं पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तथा आरोपियों के कब्जे से चार धारदार हथियार बरामद किए। आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

दिनांक 06.11.2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर कुछ व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को लहरा कर डरा-धमका रहे हैं।

प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना सुपेला पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा तत्काल बताए गए स्थानों पर पहुंचकर कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई में जिम गार्डन, नेहरू नगर के पास एक व्यक्ति को हाथ में लोहे का धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराते-धमकाते पकड़ा गया। इसी प्रकार आर.के. ग्राउंड, राधिका नगर रोड के पास एक व्यक्ति लोहे का गंडासा लेकर लोगों को भयभीत करते मिला। तीसरी कार्रवाई में फरीद नगर, लाल मैदान रोड के पास एक व्यक्ति लोहे का गंडासा लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। चौथी कार्रवाई में लाल मैदान, फरीद नगर के पास एक व्यक्ति फरसा नुमा धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर लोगों को भयभीत करते मिला।

पुलिस टीमों द्वारा चारों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया तथा गवाहों के समक्ष उनके कब्जे से धारदार हथियार विधिवत जप्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। चारों आरोपियों को दिनांक 06.11.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय दुर्ग भेजा गया।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)

आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को हथियार लहराकर डराने-धमकाने एवं भयभीत करने का कृत्य किया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई और आरोपियों को हथियारों सहित पकड़ा गया।

घटना स्थल:-

जिम गार्डन, नेहरू नगर के पास, सुपेला।

आर.के. ग्राउंड, राधिका नगर रोड, सुपेला।

फरीद नगर, लाल मैदान रोड, सुपेला।

लाल मैदान, फरीद नगर, सुपेला।

आरोपी का नाम:-

1\. कुलदीप उर्फ शिवादीप उर्फ बगीरा, उम्र 38 वर्ष, निवासी पांच रास्ता, गली नंबर 05, ज्योति किराना के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग। अपराध क्रमांक 1674/2026।

2\. समाउल हक अंसारी, उम्र 24 वर्ष, निवासी इस्लाम नगर, ताज बेकरी के पास, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग। अपराध क्रमांक 1675/2026।

3\. संतोष प्रसाद उर्फ टकला, उम्र 20 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास, अंबेडकर चौक, कृष्णा नगर, सुपेला, जिला दुर्ग। अपराध क्रमांक 1676/2026।

4\. संदीप सोनकर उर्फ गोरखा, उम्र 31 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 10, लक्ष्मी नगर, सुपेला, वर्तमान पता महाराणा प्रताप भवन के पास, सेक्टर-07, भिलाई नगर, जिला दुर्ग। अपराध क्रमांक 1777/2026।

जप्त सामग्री:-

एक नग लोहे का धारदार चापड़।

दो नग लोहे के धारदार गंडासा।

एक नग लकड़ी का मुठ लगा हुआ फरसा नुमा धारदार हथियार।

सराहनीय कार्य:- उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक एस.एन. सिंह, प्र.आर. प्रकाश चन्द्र तिवारी, आरक्षक मिथलेश साहू, सउनि अजय शंकर अविनासी, आरक्षक कमल साहू, प्र.आर. प्रहलाद सिरमौर, आरक्षक मनोज सिन्हा, आरक्षक प्रदीप सिंह एवं आरक्षक प्रीतम हरिवंश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार लेकर घूमने, डराने-धमकाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts