अवैध महुआ शराब के परिवहन पर जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, ग्राम लहंगापाली में अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 06.11.2026 को जूटमिल पुलिस ने ग्राम लहंगापाली में अवैध महुआ शराब के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 6 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,200 रुपये है।
जानकारी के अनुसार, जूटमिल पुलिस को ग्राम लहंगापाली में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शराब रेड कार्रवाई की। इस दौरान पैदल शराब लेकर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम शिवशंकर किसान पिता बुधुराम किसान, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम लहंगापाली, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो स्प्राइट बोतल एवं एक-एक लीटर क्षमता वाली दो पानी की बोतलों में भरी कुल 6 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये है। शराब को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया।
आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पाए जाने पर थाना जूटमिल में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
