मृतक शराब पीने का आदि था, घर में आए दिन करता था गाली-गलौच, जिससे नाराज पिता ने पुत्र पर टंगिया से कर दी प्राणघातक हमला कर हत्या.
मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई में पुत्र की टंगिया से वारकर हत्या करने वाला 71 वर्षीय पिता गिरफ्तार.
घटना में प्रयुक्त टंगिया आरोपी के कब्जे से बरामद एवं जप्त कर आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम डिघोरा में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। घर में आए दिन होने वाले विवाद और गाली-गलौच से परेशान 71 वर्षीय पिता ने कथित तौर पर अपना आपा खो दिया और टंगिया से हमला कर अपने ही बेटे की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जिले के थाना मुलमुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम डिघोरा में दिनांक 09.11.2026 की रात्रि हुई हत्या के मामले में थाना मुलमुला पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार दिनांक 09.11.2026 को ग्राम डिघोरा में एक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना मुलमुला पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना मुलमुला पुलिस तत्काल घटना-स्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। मृतक की पहचान रावेन्द्र सिंह मंडावी, पिता दिलहरण मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा के रूप में हुई। सूचक की रिपोर्ट पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर –
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में थाना मुलमुला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना-स्थल से प्राप्त साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों एवं गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने पुत्र रावेन्द्र सिंह मंडावी की हत्या करना स्वीकार किया।
शराब पीकर गाली-गलौच करने से नाराज पिता ने की पुत्र की हत्या –
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पुत्र हमेशा शराब पीकर घर में गाली-गलौच एवं विवाद करता था। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने गुस्से में टंगिया से अपने पुत्र पर वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी – दिलहरण मंडावी, पिता स्व. छेदू मंडावी, उम्र 71 वर्ष, निवासी ग्राम डिघोरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा.
हत्या के इस मामले का त्वरित खुलासा करने एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, पीएसआई रितेष परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या, प्रधान आरक्षक रुद्रनारायण कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया, आरक्षक देव मरकाम एवं महिला आरक्षक श्वेता सिंह का सराहनीय योगदान रहा है।
