पांच साल तक पुलिस को देते रहे चकमा, बदलते रहे ठिकाने… मुखबिर की एक सूचना ने खोला राज, हत्या के प्रयास और बलवा के तीन फरार आरोपी गिरफ्तार!

हत्या के प्रयास एवं बलवा के प्रकरण में 05 वर्षों से फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

मल्हार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोपनीय सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा गया, 04 स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी की गई तामिली।

बिलासपुर : दिनांक 09 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में आरोपीगण ओमप्रकाश कुर्रे, पिता सुकुल कुर्रे, उम्र 55 वर्ष, उसका पुत्र लव कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे, उम्र 30 वर्ष एवं राजेश कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे, निवासी ग्राम बिनेका, द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी रामेश्वर कोसले, पिता चेतराम कोसले, निवासी ग्राम बिनेका एवं अन्य लोगों के साथ हत्या करने की नीयत से मारपीट कर बलवा करते हुए गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। उक्त घटना के संबंध में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

घटना के बाद से ही प्रकरण के उक्त तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा लगातार उनकी पतासाजी की जा रही थी, किंतु आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।

प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह द्वारा फरार आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी करने हेतु निर्देशित किया गया।

इसी क्रम में एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के द्वारा चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित की गई व आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा प्रकरण की डायरी की समीक्षा करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त तीनों फरार आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर मल्हार पुलिस टीम द्वारा तत्काल गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी गई तथा हत्या के प्रयास एवं बलवा के प्रकरण में पिछले 05 वर्षों से फरार चल रहे तीनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई।

गिरफ्तार आरोपीगण के नाम एवं विवरण:-

1. ओमप्रकाश कुर्रे, पिता सुकुल कुर्रे, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार।

2. लव कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार।

3. राजेश कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे, निवासी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार।

स्थाई गिरफ्तारी वारंट की भी की गई तामिली:- उक्त आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 से संबंधित अन्य प्रकरणों में कुल 04 स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे, जिनमें आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम द्वारा चारों स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई।

तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की गई तथा अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

उक्त संपूर्ण कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस टीम द्वारा की गई।

Related posts