जशपुर के रणजीता स्टेडियम में शुरू हुआ खेल प्रतिभाओं का महासंग्राम! आठ विकासखंडों के 2 हजार खिलाड़ी 12 खेल विधाओं में दिखाएंगे अपना दमखम, मेडल और ट्रॉफी के लिए मैदान में होगी जबरदस्त भिड़ंत, आखिर किसके सिर सजेगा जीत का ताज? विधायक गोमती साय ने किया जशपुर ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ

जशपुर ओलंपिक 2026 का रणजीता स्टेडियम में हुआ भव्य शुभारंभ, आठ विकासखंडों के 2 हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

विधायक श्रीमती गोमती साय ने किया खेल महाकुंभ का शुभारंभ, कहा- निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत से खिलाड़ी हासिल कर सकते हैं सफलता

जशपुर : छत्तीसगढ़ के गांवों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान करने की दिशा में जशपुर जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। खेलों को जनभागीदारी से जोड़ने, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय जशपुर ओलंपिक 2026 का शुक्रवार को रणजीता स्टेडियम जशपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती गोमती साय शामिल हुईं। दो दिवसीय इस खेल महोत्सव में जिले के सभी आठ विकासखंडों से जूनियर एवं सीनियर वर्ग के लगभग 2 हजार खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस जूनियर वर्ग तथा दूसरे दिन सीनियर वर्ग के खिलाड़ी खेल मैदान में उतरेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती गोमती साय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, टीम भावना और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा का माध्यम भी है। किसी भी खेल में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और समर्पण आवश्यक है। खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जशपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में भी खेलों की अपार संभावनाएं और प्रतिभाएं मौजूद हैं। जशपुर ओलंपिक जैसे आयोजन इन प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

जशपुर ओलंपिक के प्रति जिले में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन जूनियर वर्ग के लगभग 1100 बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आयोजन में खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के साथ प्रतिस्पर्धा, आपसी मेलजोल और खेल भावना से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

12 खेल विधाओं में होगा रोमांचक मुकाबला

जिला स्तरीय जशपुर ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस आयोजित की जाएगी। इसके अलावा तीरंदाजी में इंडियन राउंड की 30 मीटर एवं 50 मीटर स्पर्धा, बैडमिंटन, फुटबॉल, जिला स्तर पर हॉकी एवं कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के मुकाबले होंगे। कुश्ती में जूनियर बालक एवं सीनियर पुरुष वर्ग के लिए 57, 65 और 74 किलोग्राम तथा जूनियर बालिका एवं सीनियर महिला वर्ग के लिए 55, 62 और 68 किलोग्राम की भार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। वहीं कराते में जूनियर बालक-बालिका के अलग-अलग आयु एवं भार वर्गों के साथ सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही रस्साकशी का प्रदर्शन विशेष रूप से सीनियर महिला वर्ग के लिए रखा गया है। विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।

आठ विकासखंडों की प्रतिभाओं को मिला जिला स्तर पर मंच

जशपुर ओलंपिक के प्रथम चरण में जिले के सभी आठ विकासखंडों जशपुर, दुलदुला, मनोरा, कुनकुरी, फरसाबहार, कांसाबेल, पत्थलगांव और बगीचा में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जिला स्तरीय आयोजन तक पहुंचे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। दूरस्थ अंचलों से आने वाले खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके आवागमन एवं भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

जिला स्तरीय जशपुर ओलंपिक जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ ही युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद जशपुर के अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Related posts