‘15 साल का किशोर कैसे हो गया 18 का?’ विवादित कार्रवाई पर बिलासपुर पुलिस ने दी सफाई, उम्र पूछने पर युवक ने खुद बताई थी जन्मतिथि, मीडिया से तथ्य जांचने की अपील

सरकंडा पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रकाशित समाचार“एक महीने में 15 साल का किशोर हो गया 18 का! सरकंडा पुलिस का कैसा उम्र वाला गणित? नाबालिग को पहुंचा दिया सेंट्रल जेल!”के संबंध में

बिलासपुर : एक समाचार पोर्टल में प्रकाशित उक्त शीर्षक  के संबंध में वास्तविक तथ्यों को स्पष्ट किया जा रहा है।

उक्त प्रकरण में थाना सरकंडा पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति से उसका नाम, पता एवं उम्र पूछे जाने पर उसने स्वयं अपनी जन्मतिथि 08 नवंबर 2008 बताई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की तिथि को उसकी आयु 18 वर्ष 04 दिन होना पाया गया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना उसकी माता को भी दी गई थी, किंतु उस समय उनके द्वारा उसकी उम्र अथवा जन्मतिथि के संबंध में कोई भिन्न जानकारी नहीं दी गई। इसी प्रकार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के दौरान भी संबंधित व्यक्ति द्वारा अपनी उम्र के संबंध में कोई आपत्ति अथवा भिन्न तथ्य नहीं बताया गया।

उल्लेखनीय है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध थाना सरकंडा में पूर्व से अन्य आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं।

बिलासपुर पुलिस स्पष्ट करती है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई उस समय उपलब्ध जानकारी एवं तथ्यों के आधार पर की गई थी। यदि उसकी वास्तविक आयु के संबंध में कोई प्रामाणिक दस्तावेज प्रस्तुत किया जाता है, तो उसका परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मीडिया से अपेक्षा है कि पुलिस कार्रवाई से संबंधित समाचारों के प्रकाशन से पूर्व तथ्यों का समुचित सत्यापन किया जाए। अपूर्ण अथवा अपुष्ट जानकारी के आधार पर सनसनीखेज शीर्षकों के माध्यम से समाचार प्रकाशित किए जाने से आमजन में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बिलासपुर पुलिस स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान करती है तथा तथ्यात्मक एवं जिम्मेदार समाचार प्रकाशन की अपेक्षा करती है। पुलिस की प्रत्येक कार्रवाई विधिसम्मत एवं पारदर्शी प्रक्रिया के अनुरूप सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।

Related posts