वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘वीरांगना शौर्य उत्सव 2026’ का भव्य आगाज; पहले दिन 57 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
रायपुर : महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जी की आगामी 19 नवंबर को मनाई जाने वाली जयंती के विशेष उपलक्ष्य में जिला प्रशासन रायपुर के तत्वावधान में तथा कला केंद्र रायपुर के सहयोग से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वीरांगना शौर्य उत्सव 2026’ के ऑडिशन का आज 15 नवंबर को शानदार आगाज हुआ।
यह संपूर्ण आयोजन विशेष रूप से बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं को समर्पित है, जिसका मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति के शौर्य को नमन करना तथा कला और संस्कृति के क्षेत्र में उभरती महिला प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। इस दो दिवसीय ऑडिशन के पहले दिन प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह व रुझान देखने को मिला।
इस महोत्सव के अंतर्गत गायन (सिंगिंग), नृत्य (डांसिंग), गिटार, कीबोर्ड, तबला, मेहंदी, ड्राइंग और रंगोली सहित अनेकों रचनात्मक विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। 15 एवं 16 नवंबर को होने वाले इन ऑडिशन के पहले दिन आज कुल 57 प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जिन्होंने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों का मन मोह लिया।
आज (15 नवंबर) संपन्न हुई प्रतियोगिताओं व रजिस्ट्रेशन का विवरण इस प्रकार है:-
| क्रमांक | प्रतियोगिता की विधा एवं वर्ग | कुल रजिस्ट्रेशन |
1. | एकल नृत्य (जूनियर) | 19 |
2. | एकल गायन (सीनियर) | 13 |
3. | ग्रुप नृत्य (जूनियर) | 07 |
4. | एकल वाद्य यंत्र (जूनियर) | 05 |
5. | एकल गायन (जूनियर) | 05 |
6. | एकल नृत्य (सीनियर) | 03 |
7. | ग्रुप गायन (जूनियर) | 02 |
8. | ग्रुप वाद्य यंत्र (सीनियर) | 01 |
9. | ग्रुप नृत्य (सीनियर/अन्य)* | 01 |
10. | ड्रामा (नाट्य प्रस्तुति) | 01 |
कुल योग | सभी विधाएं | 57 |
कल (16 नवंबर) भी जारी रहेंगे ऑडिशन:– आयोजन समिति ने जानकारी दी है कि ऑडिशन का दूसरा चरण कल 16 नवंबर को सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निरंतर जारी रहेगा। शहर की सभी विधाओं में रुचि रखने वाली बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनें।
उल्लेखनीय है कि कला केंद्र रायपुर शहर में कला, संगीत और सांस्कृतिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है और जिला प्रशासन के इस विशेष आयोजन के माध्यम से स्थानीय महिला कलाकारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इस कार्यक्रम में भाग लेने हेतु इस नंबर पर संपर्क करें- 9109029034,9669039034
आयोजन समिति, वीरांगना शौर्य उत्सव 2026: (जिला प्रशासन रायपुर एवं कला केंद्र रायपुर)
