जंगल के सुनसान रास्ते में चल रहा था भैंसों की तस्करी का खेल, तभी पहुंच गई पुलिस! 11 भैंसों को मारते-पीटते ले जा रहे थे तस्कर, घेराबंदी होते ही मची भगदड़… दो गिरफ्तार, तीसरा जंगल में ओझल!

ऑपरेशन शंखनाद : गौवंश तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से ले जाए जा रहे 11 नग भैंसों को कराया गया मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार।

जंगल के रास्ते पैदल हांककर ले जा रहे थे भैंसों को, ग्रामीण की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी।

पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर, पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ा, एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार।

आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, फरार आरोपी की तलाश जारी।

मामला चौकी सोनक्यारी, थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत ग्राम सरडीह के जंगल का।

गिरफ्तार आरोपी : 1. शिवनारायण यादव उम्र 55 वर्ष। 2. कपिलदेव यादव उम्र 23 वर्ष। दोनों निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर।

जशपुर : ग्राम बलादरपाठ निवासी एक ग्रामीण द्वारा दिनांक 16.11.2026 को चौकी सोनक्यारी में सूचना दी गई कि वह दोपहर करीब 01:00 बजे अपने निजी कार्य से सोनक्यारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम सरडीह के पास जंगल के रास्ते में उसने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को भारी संख्या में भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल हांककर ले जाते देखा। उक्त गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे आशंका हुई कि भैंसों को अवैध रूप से कहीं ले जाया जा रहा है। ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना चौकी सोनक्यारी पुलिस को दी।

सूचना प्राप्त होते ही चौकी सोनक्यारी पुलिस द्वारा मामले से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल हमराह पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर सूचना की तस्दीक की गई। मौके पर पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति 11 नग भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल हांककर जंगल के रास्ते ले जा रहे थे। पुलिस द्वारा तत्काल घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर तीनों संदिग्ध व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की, जबकि एक व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम (1) शिवनारायण यादव उम्र 55 वर्ष एवं (2) कपिलदेव यादव उम्र 23 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी बताया।

पुलिस द्वारा भैंसों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उक्त भैंसें थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत निवासी एक व्यक्ति की हैं। उक्त व्यक्ति द्वारा रुपये देने का लालच दिए जाने पर वे सभी भैंसों को ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते से होते हुए ग्राम खमली, थाना आस्ता तक पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस द्वारा आरोपियों से भैंसों को ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्करों के कब्जे से सभी 11 नग भैंसों को बरामद कर सुरक्षित मुक्त कराया तथा दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया।

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही के आधार पर मामले में शामिल थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत निवासी एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जो घटना स्थल से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है तथा उसे भी शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रकरण में पुलिस कार्रवाई :

 मामले में चौकी सोनक्यारी में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में फरार आरोपी सहित अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में अग्रिम विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की भूमिका : उक्त कार्रवाई एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी सोनक्यारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहनलाल मरकाम, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक आनंद मिंज एवं शिव ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। पुलिस के द्वारा चौकी सोनक्यारी क्षेत्र से 11 नग भैंसों को मुक्त कराया गया है तथा मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिसकी पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts