सिकल सेल बीमारी पर 19 काउंसलरों को दिया गया प्रशिक्षण
मरीजों की बेहतर काउंसलिंग, नियमित जांच और फॉलोअप पर दिया गया विशेष जोर
जशपुर : जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के सहयोग से संगवारी संस्था द्वारा 17 नवम्बर को जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में सिकल सेल बीमारी पर एक दिवसीय काउंसलर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला स्तर के लगभग 19 काउंसलरों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य काउंसलरों के पूर्व अनुभव एवं कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना तथा सिकल सेल बीमारी से संबंधित विस्तृत एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के दौरान बीमारी के विभिन्न पहलुओं, मरीजों की प्रभावी काउंसलिंग, नियमित जांच एवं दवा, मासिक फॉलोअप तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों की शंकाओं का समाधान करने, बीमारी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने और विवाह पूर्व जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने में काउंसलरों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा बीमारी के गंभीर लक्षणों की पहचान कर मरीजों को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव एवं चुनौतियां साझा कीं। प्रशिक्षण के अंत में काउंसलरों ने बताया कि इस सत्र से उनके ज्ञान एवं समझ में वृद्धि हुई है। उन्हें मरीजों को बेहतर परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नई जानकारियां प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम में संगवारी संस्था की ओर से डॉ. बैद्यनाथ देवनाथ ने प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर जिला संगवारी टीम भी उपस्थित रही।
