करगी रोड–सलकारोड स्टेशनों के मध्य नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त ने किया निरीक्षण
08 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत तीसरी रेल लाइन पर संरक्षा एवं तकनीकी मानकों की हुई विस्तृत जांच
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के बिलासपुर–पेंड्रारोड रेलखंड में रेल अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करगी रोड एवं सलकारोड स्टेशनों के मध्य नवनिर्मित 08 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत तीसरी रेल लाइन का आज दक्षिण पूर्व परिमण्डल के रेल संरक्षा आयुक्त सुमित सिंघल द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य इस नवनिर्मित रेल लाइन की संरक्षा व्यवस्था, निर्माण गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का परीक्षण करने के साथ-साथ इस पर यात्री एवं मालगाड़ियों के सुरक्षित परिचालन की उपयुक्तता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्राली से पूरे रेलखंड का गहन परीक्षण किया। इस दौरान रेल पथ, पुल-पुलियों, समपार फाटकों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली तथा अन्य संबंधित रेलवे परिसंपत्तियों की तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा करगी रोड एवं सलकारोड स्टेशन पेनल रूम एवं यार्ड का गहन निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण उपरांत नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन पर ओएमएस स्पेशल के माध्यम से स्पीड ट्रायल किया गया |
रेल संरक्षा आयुक्त से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के बाद इस रेल लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन प्रारंभ होगा । जिससे मौजूदा रेल नेटवर्क पर यातायात का दबाव कम करने, ट्रेनों के आवागमन को अधिक सुगम बनाने तथा भविष्य में बढ़ती रेल परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी) हंसराज शर्मा, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन, मुख्य परियोजना अधिकारी (गति शक्ति) राजीव कुमार सहित गति शक्ति इकाई, मंडल एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
