रेल हादसे की आशंका को भांपते ही लिया ऐसा फैसला, टल गई संभावित दुर्घटना! बिलासपुर मंडल के 6 रेलकर्मी बने संरक्षा के प्रहरी, डीआरएम ने किया सम्मानित

सतर्कता एवं सजगता से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने तथा संरक्षित रेल परिचालन में दिया महत्वपूर्ण योगदान।

मंडल के 06 संरक्षा के सजग प्रहरियों को मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन  द्वारा संरक्षा पुरस्कार से किया गया सम्मानित ।

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में संरक्षित रेल परिचालन के प्रति सतर्कता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले मंडल के 06 रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित रेलकर्मियों में पंकज कुमार (लोको पायलट), नरेश कुमार सिन्हा (यातायात सहायक), आर. के. चौधरी (सहायक लोको पायलट), सत्येन्द्र कुमार वर्मा (लोको पायलट), ब्रम्ह देव पंडित (वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर) एवं रामकेश मीना (वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर) शामिल हैं।

इन रेलकर्मियों ने विगत दिनों ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं सजगता का परिचय देते हुए असामान्य परिस्थितियों और संभावित रेल दुर्घटनाओं के खतरों की समय रहते पहचान कर सराहनीय कार्य किए। इनके द्वारा किए गए संरक्षित कार्यों में ट्रैक पर मवेशियों को देखकर तत्काल आपातकालीन ब्रेक लगाकर गाड़ी को सुरक्षित रोकना, वैगनों में फ्लैट टायर एवं टूटे हुए स्प्रिंग, ओएचई पर लटके हुए क्लिप तथा वैगनों की असामान्य स्थितियों की पहचान कर इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने अपने कार्यालय में सभी संरक्षा प्रहरियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किए । उन्होंने कर्मचारियों की सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना करते हुये इसे अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी बताया | साथ ही भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मनीष अग्रवाल भी उपस्थित थे  ।

Related posts