एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक उपयोग बन सकता है गंभीर स्वास्थ्य समस्या, इनके विवेकपूर्ण इस्तेमाल के लिए स्वास्थ्य विभाग ने की अपील
विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक
बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक का सेवन और उपचार बीच में छोड़ना बढ़ा सकता है एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध का खतरा
जशपुर : विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने कहा है कि एंटीबायोटिक दवाओं का बिना चिकित्सकीय सलाह सेवन, अनावश्यक उपयोग तथा निर्धारित उपचार अवधि पूरी नहीं करना भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है। इसके प्रति आम नागरिकों के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी जागरूक एवं सतर्क रहने की आवश्यकता है।
डॉ. जात्रा ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनुचित और अत्यधिक उपयोग होने से बैक्टीरिया इन दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं। इस स्थिति को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस कहा जाता है। इसके कारण एंटीबायोटिक दवाएं संक्रमण पर पहले की तरह प्रभावी नहीं रह जातीं और सामान्य संक्रमण का उपचार भी कठिन हो सकता है। इससे मरीजों के उपचार में अधिक समय लगने के साथ ही प्रभावी दवाओं के विकल्प भी सीमित हो सकते हैं। उन्होंने जिले के समस्त शासकीय एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों से एंटीबायोटिक दवाओं के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य कर्मियों, मरीजों एवं आम नागरिकों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
एंटीबायोटिक के सुरक्षित उपयोग के लिए इन बातों का रखें ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन केवल पंजीकृत चिकित्सक की सलाह पर ही करें। सर्दी, खांसी और वायरल बुखार जैसी समस्याओं में बिना चिकित्सकीय परामर्श एंटीबायोटिक का उपयोग न करें। डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवा की खुराक एवं उपचार अवधि का पालन करें तथा स्वयं से दवा शुरू या बंद न करें। बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं का दोबारा उपयोग न करें और न ही किसी दूसरे व्यक्ति की दवा लें या अपनी दवा किसी अन्य को दें।इसके साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोने, व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा समय पर टीकाकरण कराने की आदत अपनाने की भी अपील की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाएं चिकित्सा विज्ञान की महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। इनका सही और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग अनेक गंभीर संक्रमणों के उपचार में सहायक है, लेकिन अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल से इनकी प्रभावशीलता कम हो सकती है। इसलिए इन दवाओं को भविष्य में भी प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
