बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस सख्त! स्कूल में बस, ऑटो और वैन की हुई जांच, नियमों में लापरवाही पर सुधार के लिए दिया 7 दिन का समय।

यातायात की पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों एवं नियमों के प्रति किया गया जागरूक।

विद्यालय में संचालित स्कूली बस, ऑटो एवं अन्य वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण, कमियां पाए जाने पर सुधार हेतु 01 सप्ताह का समय दिया गया।

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार तथा ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पी.एम. केंद्रीय विद्यालय नारायणपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मोहसिन खान एवं यातायात पुलिस स्टाफ द्वारा छात्र-छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात संकेतों, सड़क चिन्हों तथा रेड, येलो एवं ग्रीन सिग्नल के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने तथा स्वयं यातायात नियमों का पालन कर अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने समझाइश दी गई।

साथ ही पीएम राहत योजना एवं राहवीर योजना की जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात प्रभारी मोहसिन खान ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय में संचालित स्कूली वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान बस, ऑटो एवं वैन के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित क्षमता के अनुरूप बच्चों की संख्या, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। साथ ही आपातकालीन निकास, महिला अटेंडेंट एवं बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। कमियां पाए गए वाहनों को आवश्यक सुधार हेतु 01 सप्ताह का समय दिया गया तथा नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य – रविशंकर यादव, शिक्षक – सौरभ कुमार, – रोहित एवं – प्रिंस गुप्ता उपस्थित रहे।

यातायात पुलिस नारायणपुर की अपील:- यातायात नियमों का पालन करें, सड़क सुरक्षा अपनाएं, स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर जीवन बचाएं और नेक राहवीर बनें।

Related posts