आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर रायपुर पुलिस का विशेष अभियान
उत्तर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में किरायेदारों का सघन सत्यापन एवं चेकिंग, मकान मालिकों को भी दी गई आवश्यक समझाइश
रायपुर : आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी करने के उद्देश्य से आज दिनांक 18.11.26 को उत्तर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर किरायेदारों का सत्यापन एवं सघन चेकिंग की गई।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आदित्य पाण्डेय के निर्देशन एवं नेतृत्व में उत्तर क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष पुलिस टीमों द्वारा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थाना उरला क्षेत्र के आजाद चौक एवं गाजी नगर बीरगांव, थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के अशोक नगर एवं विकास नगर, थाना खमतराई क्षेत्र के उरकुरा, थाना पंडरी क्षेत्र के पीएम आवास दलदल सिवनी तथा थाना खम्हारडीह क्षेत्र के विजय नगर में निवासरत किरायेदारों का सत्यापन एवं सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान अन्य राज्यों एवं जिलों से आकर रायपुर में निवासरत किरायेदारों की पहचान, वर्तमान पता, पहचान संबंधी दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन किया गया। साथ ही मकान मालिकों को किरायेदारों की संपूर्ण जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराने तथा बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार नहीं रखने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार का सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
