वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण लेकर तिलहन उत्पादन बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे नारायणपुर के किसान
50 जनजातीय किसानों को मिला उन्नत खेती का प्रशिक्षण, वैज्ञानिकों ने बताईं बेहतर उत्पादन और आय बढ़ाने की तकनीकें
जगदलपुर : खेती-किसानी में नई तकनीकों का समावेश किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी दिशा में बस्तर अंचल के जनजातीय किसानों को तिलहनी फसलों की खेती से जोड़ने और उनकी उत्पादकता बढ़ाने के लिए कृषि विभाग एवं कृषि अनुसंधान संस्थानों द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। वैज्ञानिक खेती की जानकारी, उन्नत उत्पादन तकनीक और आवश्यक कृषि आदान सामग्री मिलने से अब किसान पारंपरिक खेती के साथ तिलहन उत्पादन को भी आय के बेहतर विकल्प के रूप में अपना सकेंगे।
इसी उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र नारायणपुर में जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह आदान सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के 50 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र जगदलपुर के वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी मौसम में तिलहनी फसलों की उन्नत खेती, फसल प्रबंधन और अधिक उत्पादन प्राप्त करने के वैज्ञानिक तरीके बताए।
प्रशिक्षण के दौरान परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र जगदलपुर के सह संचालक अनुसंधान डॉ. एके ठाकुर ने तिलहनी फसलों की खेती के महत्व और बस्तर क्षेत्र में इसकी व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को तिलहन उत्पादन को खेती का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने तथा उपलब्ध कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। परियोजना प्रमुख अन्वेषक एवं सस्य विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. भुजेंद्र कुमार ने रबी तिलहनी फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, बीज चयन, बोनी तथा फसल की विभिन्न अवस्थाओं में अपनाई जाने वाली अनुशंसित कृषि क्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि खेती में केवल मेहनत ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही तकनीक अपनाना भी बेहतर उत्पादन के लिए जरूरी है। फसल को आवश्यकता के अनुरूप सिंचाई, संतुलित पोषण और कीट-रोगों से समय रहते बचाव कर उत्पादन लागत कम करने के साथ उपज में वृद्धि की जा सकती है।
कृषि महाविद्यालय नारायणपुर के सहायक प्राध्यापक नरेंद्र नाग ने रबी तिलहनी फसलों में सिंचाई के उचित समय एवं जल प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी दी। विषय वस्तु विशेषज्ञ उद्यानिकी डॉ. ललित वर्मा ने मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन के महत्व को समझाया। वहीं विषय वस्तु विशेषज्ञ कीट विज्ञान डॉ. आलिया अफरोज ने तिलहनी फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान और उनके प्रभावी नियंत्रण के उपाय बताए। कार्यक्रम सहायक पादप रोग विज्ञान इंद्र कुमार ने फसलों में होने वाले प्रमुख रोगों तथा उनके समन्वित प्रबंधन की जानकारी देकर किसानों की शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों को तिलहनी फसलों की खेती के लिए आवश्यक आदान सामग्री का वितरण भी किया गया। इससे किसानों को प्रशिक्षण में प्राप्त वैज्ञानिक जानकारी को अपने खेतों में अपनाने में मदद मिलेगी।
उक्त आयोजन केवल प्रशिक्षण और सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजातीय किसानों को खेती के नए अवसरों से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। तिलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसान अपनी पारंपरिक कृषि व्यवस्था में विविधता ला सकते हैं। इससे एक ओर कृषि भूमि का बेहतर उपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर अतिरिक्त उत्पादन और आय के नए रास्ते भी खुलेंगे।
