अपराधों पर लगाम लगाने और जनता का भरोसा जीतने मैदान में उतरी पंडरी पुलिस, ‘संवाद से समाधान’ अभियान के तहत जय हिंद चौक पर जुटे 100 लोग, साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, नशा और महिला सुरक्षा को लेकर किया जागरूक!

थाना पंडरी, द्वारा “संवाद से समाधान” कार्यक्रम के अंतर्गत जन-जागरूकता अभियान आयोजित

रायपुर : दिनांक 24/11/2026 को थाना पंडरी, रायपुर द्वारा “संवाद से समाधान” कार्यक्रम के अंतर्गत जय हिंद चौक, लोधीपारा में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लगभग 100 लोगों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल एवं लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं www.cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति, यातायात नियमों का पालन, महिला सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा एवं आपसी विवादों को आपसी संवाद और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं आम जनता के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपसी विश्वास को मजबूत करना तथा संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान कर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना है।

Related posts