बस्तर के खेल मैदान में उमड़ा प्रतिभाओं का सैलाब! 2 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों के बीच जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य आगाज, 11 खेलों में दिखेगा युवाओं का दम, 1 लाख से अधिक पंजीकरण ने बढ़ाया उत्साह

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ

दो हजार से ज्यादा खिलाड़ियों के बीच शुरू हुए रोमांचक मुकाबले

जगदलपुर : बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने वाले ‘बस्तर ओलंपिक 2026’ (बस्तर ओलंपिक 3.0) के जिला स्तरीय मुकाबलों का बुधवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। ‘करसाय ता बस्तर बरसाय ता बस्तर’ के उत्साह और उमंग के बीच मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप एवं अन्य अतिथियों ने बस्तर एवं बकावंड ब्लाॅक के मध्य आयोजित फुटबॉल मैच के दौरान फुटबाॅल को किक मारकर खेलों की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर भारोत्तोलक पालेश नाग ने खिलाड़ियों को खेल भावना और गरिमा के अनुरूप प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई। दो दिवसीय 25 एवं 26 नवम्बर 2026 इस जिला स्तरीय आयोजन में जिले के सात विकासखंडों में 16 नवम्बर तक आयोजित प्रतियोगिताओं से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल कला और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को पहले दिन जूनियर वर्ग (10 से 17 वर्ष) तथा गुरुवार को सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक आयु) के मुकाबले होंगे, जिनमें महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्पर्धाएं रखी गई हैं। आयोजन का समापन कल गुरूवार शाम 4 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में होगा।

शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का शानदार मंच मिला है। उन्होंने बताया कि जोन और ब्लॉक स्तर से आगे बढ़ते हुए खिलाड़ी अब जिला स्तरीय मुकाबलों में पहुंचे हैं। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देने का आह्वान किया।

 इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के लिए किसी बड़े महानगर का होना जरूरी नहीं है, छोटे-छोटे गांवों में भी बेहतरीन खिलाड़ी जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा और सुरक्षा बलों के प्रयासों व बलिदान से बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने पिछले वर्ष संभागीय स्तर के आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बस्तर में बस्तर ओलम्पिक सहित बस्तर पंडुम का भव्य आयोजन किया जा रहा हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत की खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेलों को प्रोत्साहन मिलने से बस्तर की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की भूमिका रेखांकित की, उन्होने युगदृष्टा स्वामी विवेकानंद और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को रेखांकित करते हुए युवाओं को किसी भी भ्रामक प्रचार या प्रलोभन से दूर रहकर आत्मचिंतन व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आव्हान किया।

जगदलपुर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन ने इस आयोजन को बस्तर के बदलते स्वरूप, नई उम्मीदों और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भय और हिंसा के दौर से आगे बढ़कर बस्तर का युवा अब खेल के मैदान, शिक्षा, रोजगार, हुनर और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर अग्रसर है। उन्होंने “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” अभियानों तथा राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए “नक्सल मुक्त बस्तर, विकसित बस्तर, खेलता बस्तर, बढ़ता बस्तर, युवा बस्तर, आत्मनिर्भर बस्तर” और “जय बस्तर, जय छत्तीसगढ़, जय हिंद” का उद्घोष किया।

इस मौके पर आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक की शुरुआत के बाद से खिलाड़ियों की भागीदारी में निरंतर वृद्धि हुई है। बस्तर जिले में पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या 2024 में 37,650 और 2025 में 95,587 रहने के बाद 2026 में बढ़कर 1,04,841 तक पहुंच गई है। जिला स्तरीय मुकाबले इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड में आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें एथलेटिक्स, आर्चरी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और कराटे सहित कुल 11 विधाओं के साथ सीनियर महिला वर्ग के लिए प्रतीकात्मक रस्साकसी की स्पर्धा हो रही है।

प्रतियोगिताओं में दलीय खेलों के विजेताओं को प्रथम स्थान के लिए 4,000 रुपये, द्वितीय के लिए 3,000 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 2,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि व्यक्तिगत खेलों में प्रथम को 2,000 रुपये, द्वितीय को 1,500 रुपये और तृतीय को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। विजेताओं को प्रतियोगिता स्थल पर ही मेडल व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, वहीं दलीय खेलों के सीनियर वर्ग विजेताओं को समापन मंच पर पुरस्कृत किया जाएगा। सर्वाधिक पदक जीतने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी मिलेगी और जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी व दल आगे संभाग स्तर की बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

शुभारंभ अवसर पर मंचासीन जनप्रतिनिधियों व पार्षदों सहित कलेक्टर आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अपर पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाओं, खेलप्रेमी गणमान्य नागरिकों तथा सातों विकासखंडों से आए बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Related posts