पैसों की कमी अब नहीं बनेगी इलाज में बाधा, जशपुर के 91 मरीजों को मिला 4 करोड़ 46 लाख का स्वास्थ्य संबल! कर्नाटक से दिल्ली तक बड़े अस्पतालों में हो रहा गंभीर बीमारियों का उपचार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से जशपुर के गंभीर मरीजों को मिली बड़ी राहत

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी

 91 गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 4 करोड़ 46 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत

कर्नाटक, अहमदाबाद, वेल्लूर और दिल्ली के बड़े अस्पतालों में भी हो रहा उपचार

जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की साय सरकार जरूरतमंद और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जशपुर जिले के 91 गंभीर मरीजों के उपचार के लिए कुल 4 करोड़ 46 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह आर्थिक सहायता उन परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है, जिनके लिए गंभीर बीमारियों का महंगा इलाज कराना आर्थिक रूप से बेहद कठिन था।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि पैसे के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज बाधित न हो और उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। योजना के माध्यम से जशपुर जिले के मरीजों को प्रदेश के बाहर देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में भी उपचार कराने का अवसर मिल रहा है।

कैंसर से लेकर किडनी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और गंभीर बीमारियों तक के इलाज में मिली मदद

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत कैंसर, किडनी की गंभीर बीमारी, हृदय रोग, फेफड़ों से संबंधित गंभीर रोग तथा अन्य जटिल एवं जानलेवा बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए सहायता स्वीकृत की गई है। गंभीर बीमारियों के इलाज में लाखों रुपये का खर्च आने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल मरीजों और उनके परिजनों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है।

कर्नाटक, अहमदाबाद, वेल्लूर और दिल्ली तक बेहतर इलाज की सुविधा

जशपुर जिले के गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कर्नाटक, अहमदाबाद, वेल्लूर और दिल्ली जैसे बड़े चिकित्सा केंद्रों में इलाज के लिए भी आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इससे मरीजों को अपनी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए बड़े शहरों के प्रतिष्ठित अस्पतालों तक पहुंचने में मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रयास है कि आर्थिक तंगी किसी भी जरूरतमंद मरीज के बेहतर उपचार के रास्ते में बाधा न बने। इसी सोच के साथ राज्य सरकार गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को उपचार के लिए आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।

मरीजों के जीवन में लौट रही उम्मीद

91 गंभीर मरीजों के उपचार के लिए 4 करोड़ 46 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि संकट से जूझ रहे परिवारों के लिए जीवन की नई उम्मीद है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल से अनेक परिवारों को अपने प्रियजनों का बेहतर इलाज कराने का सहारा मिला है।

जशपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल सरकार की जनकल्याणकारी सोच और संवेदनशील सुशासन को दर्शाती है।

Related posts