मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से नगदी चोरी करने एवं साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पास स्थित घर में आग लगाने वाले आरोपी को नेवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार।
रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में चोरी की घटना के बाद मंदिर के बाजू में बने सामान भंडारण कक्ष में आग लगने से घरेलू एवं भंडारा सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हुई थी।
आरोपी द्वारा मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी में रखी लगभग 3,000 रुपये की नगदी चोरी की गई थी।
घटना के संबंध में प्रार्थी द्वारा दिनांक 26.11.2026 को थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान गवाहों से पूछताछ एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर रिसाली भांठा से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को दिनांक 28.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।
दुर्ग : आस्था के मंदिर में चोरी और फिर अपने अपराध के निशान मिटाने के लिए आगजनी! दुर्ग के रिसाली भांठा में हुई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। आधी रात मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी में रखी करीब 3 हजार रुपये की रकम चोरी कर ली गई। इतना ही नहीं, मंदिर के बाजू में बने सामान भंडारण कक्ष में आग लगने से वहां रखा फ्रिज, राशन, भंडारा सामग्री, पलंग, सोफा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। शुरुआत में आगजनी और चोरी की इस घटना ने कई सवाल खड़े किए, लेकिन पुलिस की जांच में एक अहम गवाह सामने आया, जिसने रात के अंधेरे में आरोपी को पहचान लिया था। इसी सुराग के आधार पर नेवई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
थाना नेवई क्षेत्र के रिसाली भांठा में मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से नगदी चोरी करने तथा मंदिर के समीप स्थित सामान भंडारण कक्ष में आग लगने की घटना में नेवई पुलिस ने त्वरित विवेचना करते हुए आरोपी की पहचान की और दिनांक 28.11.2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा।
प्रार्थी प्रदीप महानंद, उम्र 46 वर्ष, निवासी शारदा विद्यालय के सामने, इस्पातनगर रिसाली भांठा, थाना नेवई, जिला दुर्ग द्वारा दिनांक 26.11.2026 को थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रिसाली भांठा चार टंकी के पास वीर लंगूर भगवान का मंदिर स्थित है। मंदिर के बाजू में लकड़ी के पट्टों से निर्मित कमरे में मंदिर एवं भंडारा से संबंधित बर्तन, राशन, फ्रिज, पलंग, कुर्सी, सोफा, कूलर सहित अन्य सामग्री रखी जाती थी।
दिनांक 25.11.2026 की रात्रि लगभग 10:00 बजे मंदिर में ताला लगाकर प्रार्थी एवं अन्य व्यक्ति अपने घर चले गए थे। दिनांक 26.11.2026 की सुबह मंदिर पहुंचने पर देखा गया कि मंदिर के बाजू में स्थित कमरे में आग लगी हुई थी, जिससे फ्रिज, भंडारा सामग्री, राशन, पलंग, सोफा, कूलर एवं अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। मंदिर का ताला भी टूटा हुआ था तथा दानपेटी में रखी लगभग 3,000 रुपये की नगदी गायब थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 799/2026 धारा 326(छ), 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के गवाहों से पूछताछ की गई। इस दौरान घटनास्थल के समीप रहने वाले गवाह उत्तम सिंह ठाकुर ने बताया कि दिनांक 25.11.2026 की रात्रि में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर बाहर देखने पर उसने आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को पहचान लिया था।
गवाहों से प्राप्त जानकारी एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी कर दिनांक 28.11.2026 को रिसाली भांठा से पकड़ा गया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को दिनांक 28.11.2026 को दोपहर 14:20 बजे विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई। तत्पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका):- आरोपी द्वारा रात्रि के समय मंदिर को निशाना बनाकर उसका ताला तोड़ा गया तथा दानपेटी में रखी नगदी चोरी की गई। घटना के दौरान मंदिर के समीप स्थित सामान भंडारण कक्ष में आग लगने से वहां रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना स्थल:- वीर लंगूर भगवान मंदिर के पास, चार टंकी, रिसाली भांठा, थाना नेवई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
आरोपी का नाम:- मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू, उम्र 27 वर्ष, निवासी शारदा विद्यालय के सामने, , थाना नेवई, जिला दुर्ग। स्थायी पता – ग्राम बोरिद, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामग्री:- प्रकरण में जप्त सामग्री का विवरण उपलब्ध नहीं है।
अपराध का विवरण
अपराध क्रमांक : 799/2026
धारा : 326(छ), 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS)।
सराहनीय कार्य:- उक्त कार्यवाही में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, महिला प्रधान आरक्षक नूतन साहू, आरक्षक विजय कुर्रे, आरक्षक प्यारेलाल साहू एवं आरक्षक शाहबाज खान का सराहनीय योगदान रहा।
दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा आगजनी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। अपराध की सूचना समय पर मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई एवं आरोपियों की पहचान करने में सहायता मिलती है।
