चार दिनों की यादें समेटकर विदा हुआ जशपुर जंबूरी 2026, पक्षी दर्शन और कला गतिविधियों के साथ हुआ समापन
जशपुर : प्रकृति की गोद में रोमांचक गतिविधियों, साहसिक खेलों और स्थानीय संस्कृति के अनुभवों के साथ शुरू हुआ जशपुर जंबूरी 2026 का सफर रविवार को पक्षी दर्शन और कला गतिविधियों के बीच यादगार समापन तक पहुँचा।
चार दिनों तक चले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों और कंटेंट क्रिएटर्स ने जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को करीब से जाना। समापन दिवस पर प्रतिभागियों ने पक्षी दर्शन और कला गतिविधियों में हिस्सा लिया तथा जशपुर की खूबसूरत यादें लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
नीमगांव में पक्षी दर्शन के साथ हुई दिन की शुरुआत: जंबूरी के अंतिम दिन सुबह सभी प्रतिभागी नीमगांव पहुँचे, जहाँ उन्होंने पक्षी दर्शन (बर्ड वॉचिंग) किया। विशेषज्ञों ने क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न पक्षियों और उनकी विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे।
जशपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और विशिष्ट भौगोलिक पहचान इसे पर्यटन के लिए विशेष बनाती है। उन्होंने प्रतिभागियों से भविष्य में भी जशपुर आने और यहाँ के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
होम-स्टे और कैंपिंग के माध्यम से स्थानीय पर्यटन का अनुभव जिला प्रशासन जशपुर में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने और इसे बेहतर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
जंबूरी के दौरान प्रतिभागियों को ठहरने के लिए होम-स्टे और कैंपिंग जैसे विकल्प उपलब्ध कराए गए। कुछ प्रतिभागियों ने स्थानीय होम-स्टे में रुककर जशपुर की संस्कृति, खान-पान और ग्रामीण जीवनशैली को करीब से जाना, वहीं कुछ प्रतिभागियों ने प्रकृति के बीच कैंपिंग का अनुभव लिया।
स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में होम-स्टे, कैंपिंग और अन्य पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से आजीविका एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
पर्यटन से स्थानीय आजीविका को मिलेगा बढ़ावा: दोनों अधिकारियों ने कहा कि जशपुर में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकते हैं। पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जिले के गाँवों और स्थानीय समुदायों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
कला गतिविधियों में प्रतिभागियों ने उकेरीं यादें: पक्षी दर्शन के बाद प्रतिभागियों ने कला गतिविधियों में हिस्सा लिया। चार दिनों की रोमांचक गतिविधियों के बीच यह सत्र रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का अवसर बना, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभवों को कला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
रंजीता स्टेडियम में अंतरिक्ष दर्शन बना आकर्षण का केंद्र: जंबूरी के अंतिम दिन जशपुर के रंजीता स्टेडियम में स्थापित प्लैनेटेरियम में भी दिनभर लोगों की चहल-पहल रही। यहाँ आगंतुकों और स्थानीय नागरिकों ने अंतरिक्ष दर्शन का अनुभव लिया। वर्चुअल रियलिटी, ग्रैविटी कियोस्क, इन्फ्लेटेबल प्लैनेटेरियम और टेलीस्कोप जैसी गतिविधियों ने लोगों की रुचि बढ़ाई।
पहला दिन: छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों और कंटेंट क्रिएटर्स का आगमन हुआ। परिचय सत्र और रात्रिभोज के बाद लाइव रॉक बैंड की प्रस्तुति आयोजित की गई।
दूसरा एवं तीसरा दिन: प्रतिभागियों को दो टीमों में विभाजित कर विभिन्न पर्यटन स्थलों और गतिविधियों का अनुभव कराया गया।
देशदेखा: रॉक क्लाइम्बिंग, टॉप रोप क्लाइम्बिंग, जुमारिंग, जिपलाइन और स्टारगेज़िंग।
मयाली: वाटर स्पोर्ट्स, एटीवी राइड, पेंटबॉल, चेस, बॉक्स क्रिकेट, हॉट एयर बैलून और अंतरिक्ष दर्शन।
अन्य भ्रमण: चाय बागान, संग्रहालय और इंडोर स्टेडियम का भ्रमण।
सांस्कृतिक संध्या: सरना एथनिक रिसॉर्ट में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विशेष उपस्थिति: तीसरे दिन माननीय विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने देशदेखा पहुँचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
चौथा दिन: नीमगांव में पक्षी दर्शन, कला गतिविधियाँ और रंजीता स्टेडियम में अंतरिक्ष दर्शन के साथ आयोजन का समापन हुआ।
जंबूरी में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों एवं आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वॉलंटियर्स (स्वयंसेवकों) को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला प्रशासन और कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बेहतर समन्वय और सहभागिता से सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
जशपुर जंबूरी 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जनपद पंचायत, वन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू टीमों, वॉलंटियर्स और विभिन्न गतिविधियों से जुड़े विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विभागों और टीमों के बीच बेहतर समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के चलते चार दिवसीय आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
