कलेक्टर जगदलपुर ने की शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा

निर्माण की धीमी गति पर गहरी नाराजगी की व्यक्त

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जगदलपुर

कलेक्टर रजत बंसल ने आज जगदलपुर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रेम पटेल, अनुविभागीय दंडाधिकारी दिनेश नाग, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एके सिंह सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित थे। कलेक्टर श्री बंसल ने महारानी अस्पताल, इतवारी बाजार, गोल बाजार, झीरम शहीद स्मारक, बोधघाट मार्ग, धरमपुरा क्रीड़ा परिसर, इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा की और कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने इस दौरान गुरु गोविंद सिंह चौक से लेकर जिला न्यायालय तक सड़क चौड़ीकरण और दलपत सागर धरमपुरा मार्ग निर्माण की धीमी गति पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी गति के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एके सिंह, अनुविभागीय अधिकारी आरएन सिन्हा, उप अभियंता जेएस सैनी से स्पष्टीकरण की मांग की। सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे विद्युत खंबों को हटाने के कार्य में विलम्ब के लिए छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी के शहरी क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता श्री अग्रवाणी से भी स्पष्टीकरण मांगा है।

Related posts