भूपेश बघेल और सिंहदेव को ढूंढ रहे हैं छले गए अनियमित कर्मचारी – नलिनीश ठोकने

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने संविदा कर्मचारियों द्वारा खाली थाली के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस द्वारा छले गए अनियमित कर्मचारी भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव को ढूंढ रहे हैं। कांग्रेस जनघोषणा समिति के कर्ताधर्ता रहे सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की हैसियत से बघेल ने राहुल गांधी के साथ बड़े बड़े होर्डिंग्स लगाकर अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, जो अन्य तमाम वादों की तरह झांसा निकला। सिंहदेव का इतना कह देना ही काफी नहीं है कि वादे पूरे नहीं किये तो मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे। बल्कि जब उन्होंने जनता के हर वर्ग से वादे किए थे तो उन्हें पूरा कराने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। भूपेश बघेल वादे पूरे नहीं कर रहे, कमेटी कमेटी खेल रहे हैं तो सिंहदेव को कुर्सी छोड़कर सड़क पर उनके साथ संघर्ष करने की नैतिकता सिंहदेव को दिखाना चाहिए, जिनका वोट हासिल करने के लिए झूठ का मुरब्बा खिलाया था। कांग्रेस जन घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा निकला, जिसे भूपेश बघेल ने रद्दी की टोकरी में फेंक दिया।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री ठोकने ने कहा कि भूपेश बघेल और सिंहदेव ने मिलकर छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह किया। सब्जबाग दिखाये और सरकार बनने के बाद कांग्रेस जनता से किये गए वादों से मुकर गयी।  शराबबंदी की वादा  वाले अब शराब की मुनाफाखोरी में मस्त है। युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता का सपना दिखाने वाले कह रहे हैं कि भत्ता देने कहा ही नहीं था। अनियमित कर्मचारी नियमितीकरण का वादा पूरा करने की मांग के साथ लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन यह वादाफरामोश सरकार न्याय मांग रहे कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रही है।

Advertisements
error: Content is protected !!