कलेक्टर श्री बंसल को दी गई भावभीनी विदाई : कलेक्टर नें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपा कार्यभार

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जगदलपुर

कलेक्टर रजत बंसल को आज जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी। कलेक्टर श्री बंसल की पदस्थापना छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय के आदेश के तहत कलेक्टर जिला बलौदाबाजार भाटापारा किया गया है। कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में कलेक्टर को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री बंसल ने कहा कि जिला कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा अपने कार्य के प्रति पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के कारण यहां रचनात्मक कार्यों के लिए पूरा अवसर उन्हें मिला। उन्होंने कहा कि यहां के कर्मचारियों की कार्यकुशलता के साथ ही अच्छे व्यवहार के कारण वे निश्चिंत होते थे, कि कार्यालय में आने वाले किसी भी ग्रामीण के कार्य में कोई रुकावट नहीं आएगी।

उन्होंने बस्तर को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध बताते हुए कहा कि बस्तर की इस समृद्धि से पूरे विश्व को अवगत कराते हुए इसे जनजातीय राजधानी के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के धनी लोग जिस जीवन शैली को अपना रहे हैं, उसी जीवन शैली के साथ यहां के आदिवासी युगों से निवास कर रहे हैं। उन्होंने यहां की भाषा-बोली की विविधता और प्रकृति से जुड़कर रहने की कला के संरक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बस्तर अब सड़क, रेल और वायुमार्ग से जुड़ रहा है, जिससे यहां विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं को बड़े पदों पर तैयार करने, उन्हें खेलकूद के क्षेत्र में आगे ले जाने और क ुशल उद्यमी के रुप में तैयार करने के लिए पूरी लगन के साथ करने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों का विश्वास प्रशासन के प्रति बढ़ाने के साथ ही विकास कार्यों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आम जनता के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने तथा निर्धनों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने की अपील भी इस अवसर पर की।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित व्यास द्वारा श्री बंसल के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो व्यक्ति सदैव सत्य, क्षमा, शील आदि गुणों से युक्त होते हैं, वे सभी क्षेत्रों में सफल होते हैं। श्री बंसल की सफलता इसका एक उत्तम उदाहरण है। संयुक्त कलेक्टर श्री दिनेश नाग ने श्री बंसल के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही कोष, लेखा एवं पेंशन के संयुक्त संचालक श्री धीरज नशीने, तोकापाल अनुविभागीय दण्डाधिकारी सुश्री आस्था राजपूत सहित कलेक्टोरेट के कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर कलेक्टर श्री बंसल के साथ किए गए कार्य के दौरान अपने अनुभवों को साझा किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। जगदलपुर अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री ओमप्रकाश वर्मा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।

कलेक्टर श्री बंसल जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपा कार्यभार

कलेक्टर श्री रजत बंसल ने आज अपना कार्यभार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित व्यास को सौंपा। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री बंसल की पदस्थापना छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय के आदेश के तहत कलेक्टर जिला बलौदाबाजार किया गया है।

Advertisements
error: Content is protected !!