सभी गौठानों में अनिवार्य रूप से तीन गतिविधियां करें प्रारंभ, गौठानों में पशुपालन, मुर्गीपालन, मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दें – कलेक्टर

Advertisements
Advertisements

कलेक्टर ने सुराजी गांव योजना के संबंध में कृषि, उद्यानिकी, पशु पालन, मत्स्य पालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, राजनांदगांव

कलेक्टर डोमन सिंह ने आज सुराजी गांव योजना के संबंध में कृषि, उद्यानिकी, पशु पालन, मत्स्य पालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना को गति प्रदान करने के लिए यह जरूरी है कि सभी अधिकारी इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी गौठानों में अनिवार्य रूप से तीन गतिविधियां संचालित की जानी है। ग्रामीण क्षेत्रों में गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने सभी अधिकारियों को गौठानों में तीन गतिविधियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि गौठान में पशुपालन करने से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत समूह की महिलाओं को अनुदान मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। गौठान में पशुपालन एवं मुर्गीपालन होना चाहिए। इसके साथ ही गौठान में डबरी निर्माण कर मत्स्य पालन किया जा सकता है। उन्होंने बंद पड़ी खदानों एवं शासकीय खदानों में समन्वय कर मत्स्य-पालन कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं को गौठान में कार्य करने के लिए प्रेरित करें और उन्हें पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करें। मार्केट में डिमांड के अनुसार उत्पादों के निर्माण के लिए कार्य योजना बनाने के लिए कहा।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गौठान में बैकयार्ड मुर्गीपालन, पशु पालन, मत्स्य पालन, फूलों की खेती, पैकेजिंग मशीन, राईस मिल मसाला निर्माण, मशरूम उत्पादन, साबुन, फिनाईल, अगरबत्ती, धूपबत्ती जैसे गतिविधियों को बढ़ावा दें। उन्होंने गौठान में विभिन्न गतिविधियों को प्रारंभ करने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए कहा। हर गौठान में ट्रेविस वितरण करवाएं और पशुओं के ईलाज के लिए उपकरण उपलब्ध करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजीव गांधी किसान न्याय योजना तथा मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर उप संचालक कृषि जीएस धुर्वे, उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ. राजीव देवरस, सहायक संचालक मत्स्य पालन श्रीमती गीतांजलि गजभिये, मनरेगा के फैज मेनन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उमेश तिवारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!