छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन 6 अक्टूबर से : कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आयोजन समिति की बैठक संपन्न

Advertisements
Advertisements

जिला स्तर पर खेलों के आयोजन, खेल मैदान चिन्हीकरण, खिलाड़ियों के ठहरने आदि सभी व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक में की गई चर्चा

दलीय एवं एकल श्रेणी में 14 तरह के पारम्परिक खेल प्रतियोगिता में है शामिल

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल भावना का विकास करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है।

कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आज यहां कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ भुरे ने बताया कि छह स्तरों में होने वाले छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन का दायित्व पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरुआत राजीव युवा मितान क्लब स्तर से आगामी 6 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसका समापन विभिन्न छः स्तरों में होते हुए अंतिम चरण राज्य स्तर पर 6 जनवरी 2023 को होगा।

उन्होंने बताया कि दलीय एवं एकल श्रेणी में 14 तरह के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है।  जिसमें दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल हैं।

जिला स्तरीय समिति के बैठक में जिला स्तर पर खेलों के आयोजन की व्यवस्था, रेफरी की व्यवस्था, खेल मैदान चिन्हीकरण, विजेता प्रतिभागी दल को संभाग स्तर भाग लेने की व्यवस्था, आयोजन की व्यवस्था संबंधी आदेश सहित अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत अग्रवाल, रायपुर के नगर निगम आयुक्त श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत रायपुर के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरिकृष्ण जोशी, जिला खेल अधिकारी ,जिला  शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

राजीव युवा मितान क्लब से लेकर राज्य स्तर तक छः स्तरों पर होंगे आयोजनः

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में छह स्तर निर्धारित किए गए हैं। इन स्तरों के अनुसार ही खेल प्रतियोगिता के चरण होंगे। इसमें सबसे पहले ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय स्तर पर राजीव युवा मितान क्लब में पारंपरिक खेलों का आयोजन नॉकआउट पद्धति से होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। फिर तीसरे स्तर पर विकासखंड/नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

इन तिथियों में होंगे चरणबद्ध विभिन्न स्तरों के आयोजनः

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक होंगे। वहीं जोन स्तर के आयोजन 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2022 तक खेले जाएंगे। विकासखंड स्तर पर खेल 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक प्रतियोगिताएं होंगी। संभाग स्तर पर आयोजन 5 दिसम्बर से 14 दिसम्बर के बीच होगा। वहीं राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का अंतिम चरण 28 दिसम्बर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा।

बच्चों से बुजुर्ग तक प्रत्येक आयु वर्ग ले सकेंगे हिस्साः

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, फिर 18-40 वर्ष आयु सीमा तक, वहीं तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी होंगे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!