धान खरीदी में समितियों में तौल को लेकर व्यापक स्तर पर गड़बड़ी का आरोप, धान खरीदी में 700 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की तैयारी कर रही भूपेश सरकार – संदीप शर्मा

Advertisements
Advertisements

किसानों से प्रति कट्टा दो किलो तक अधिक लिया जा रहा है धान

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

रायपुर : प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने भूपेश बघेल सरकार पर धान खरीदी में 700 करोड़ रुपये की अवैध वसूली कर इस रकम की बंदरबांट करने की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि धान खरीदी में समितियों में तौल को लेकर व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की शिकायत पूरे प्रदेश से आ रही है। किसानों से दो किलो तक अधिक धान प्रति कट्टा लिया जा रहा है। महासमुंद के एक किसान से तो 8 क्विंटल अधिक धान ले लिया गया। जिससे उसे 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। जांजगीर जिला में किसानों से प्रति कट्टा साढ़े इकचालीस किलो धान घर से तौल कर लाने को कहा जा रहा है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने किसानों को खुले आम लूटने का ठेका दे रखा है। अधिक तौल से प्रदेश में किसानों से 700 करोड़ वसूलने की योजना कांग्रेस सरकार ने बना रखी है। कुछ समय पहले कांग्रेस के एक नेता का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रहा था कि आने वाले समय में धान खरीदी होगी। तब समिति के हर सदस्य को 5-7 लाख रुपये कमाने का अवसर मिलेगा और वह अवसर यही है। इस तरह तौल में किसानों से अधिक धान लेकर करीब 700 करोड़ रुपये की अवैध वसूली होगी। समिति सदस्यों में बंटवारा होगा। सरकार में बैठे लोगों के बीच बंटवारा होगा और बाकी रकम एटीएम वहीं भेज दिया जाएगा, जहां अवैध वसूली की रकम भेजी जा रही है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों से हो रही इस लूट पर कांग्रेस सरकार को प्रदेश के किसान कभी माफ नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उन किसानों को पूरा पैसा दें, जिनसे अधिक धान ली गई है। भाजपा सभी खरीदी केंद्रों की निगहबानी करेगी और इस घोटालेबाजी को रोकेगी।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!