मोदी के साथ मन की बात ने रचा छत्तीसगढ़ में नया इतिहास – भाजपा

Advertisements
Advertisements

मन की बात प्रधान सेवक और जनता जनार्दन के मध्य सीधे संवाद का माध्यम- अरुण साव

विश्व की सबसे बड़ी चौपाल है मन की बात -डॉ. रमन

मन की बात से बदले देश के हालात- नारायण चंदेल

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के सौजन्य से छत्तीसगढ़ के 18500 स्थानों पर भाजपा के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आम जनता ने उत्साह पूर्वक गंभीरता से सुना। मोदी जी ने पद्म पुरस्कारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिन लोगों को पद्म पुरस्कार मिले हैं, वे सभी हमारे बीच के आम लोग हैं, जो राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ समाज उत्थान और देश के विकास में उत्तम भागीदारी कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में काम करने वालों को भी पद्म पुरस्कार मिले हैं।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जैसे नक्सल प्रभावित इलाके में काष्ठ कला के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहे अजय मंडावी को पद्म पुरस्कार के लिए चुना गया। संगीत के क्षेत्र में उन विभूतियों को पद्म पुरस्कार से विभूषित किया गया, जो भारतीय वाद्य यंत्रों से भारतीय कला संस्कृति की साधना कर रहे हैं। देश के विभिन्न प्रांतों के जनजातीय समाज सहित विभिन्न समुदायों के राष्ट्र सेवियों, समाजसेवियों को पद्म पुरस्कार मिलने से देश के लोग प्रसन्न हैं। गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ निर्माण के श्रमिकों को अग्रिम पंक्ति में बैठा देख देश भर से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुझे पत्र भेजे गए हैं।

मन की बात कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक जगदीश रोहरा ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने आज्ञा नगर विधानसभा बिलासपुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रेवाडीह वार्ड राजनांदगांव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर, राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडे ने दुर्ग शहर, पूर्वमंत्री रामविचार नेताम ने प्रतापपुर विधानसभा, प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता पूर्वमंत्री अजय चंद्राकर ने रायपुर शहर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेण्डी ने दुर्गकोंदल, चुन्नीलाल साहू  ने देवभोग, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने भाटापारा,  प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर में मन की बात कार्यक्रम जनता के साथ सुना। मन की बात कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायगढ़ के मिलेट सेंटर और छत्तीसगढ़ के संदीप शर्मा जी का भी जिक्र किया।

मोदी जी देश के मन की बात करते हैं- अरुण साव

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने बिलासपुर में कार्यक्रम का प्रसारण सुनने के अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि मन की बात कार्यक्रम देश के प्रधान सेवक और जनता जनार्दन के मध्य सीधा संवाद है। मोदी जी देश की बात करते हैं। देश की जनता के मन की बात सुनते हैं और जनता के मन को गहराई से महसूस करते हुए विस्तार से विविध विषयों पर चर्चा करते हैं। समूचे देश वासियों से निरंतर संवाद के माध्यम से प्रधान सेवक व जनता के बीच एकात्म स्थापित है।

विश्व की सबसे बड़ी चौपाल है मन की बात -डॉ. रमन

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में आम जनता के साथ मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम जनता के बीच के हैं। देश के 130 करोड़ लोग मोदी जी का परिवार है। वे इस परिवार के मुखिया हैं। जब वे मन की बात कार्यक्रम में अपने विशाल परिवार से रूबरू होते हैं तो हर छोटे से छोटे और बड़े से बड़े मुद्दे पर अपनेपन के साथ विमर्श होता है, जैसा कि भारतीय संस्कृति में हर परिवार में होता है। हर मुद्दे का समाधान होता है और परिवार के विकास के द्वार खुलते हैं। मन की बात कार्यक्रम जनता के साथ जनता की बात का वह मंच है जो भारत ही नहीं, विश्व की सबसे बड़ी चौपाल है।

मन की बात से बदले देश के हालात-चंदेल

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनता से सीधा जुड़ाव है। मोदी जी जनता से लगातार संवाद करते हैं। जनता से विभिन्न क्षेत्रों में ठोस फीडबैक मिलता है। जनता खुले मन से अपनी बात प्रधानमंत्री से कहती है और प्रधानमंत्री जन भावनाओं के अनुरूप राष्ट्र विकास के फैसले लेते हैं। मन की बात सुनकर मोदी जी और देशवासियों के बीच जो समन्वय स्थापित हुआ है और इसमें जो निरंतर विस्तार हो रहा है, उससे देश के हालात बदले हैं क्योंकि देश एक सूत्र में बंधा है। मन की बात भारत की प्रगति में बड़ा साधन बना है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!